ड्यूटी के दौरान रील बनाने वाले डॉक्टर को पद से हटाया गया

CMHO बोले - ड्यूटी के प्रति लापरवाही पर हुई कार्रवाई

 | 
dr sharma

उदयपुर 28 नवंबर 2025। शहर के बड़गांव सैटेलाइट हॉस्पिटल में पदस्थ अस्पताल प्रभारी डॉ. शर्मा को ड्यूटी के दौरान इंस्टाग्राम रील बनाने के आरोपों के बीच पद से हटा दिया गया है। चिकित्सा विभाग ने गुरुवार देर शाम आदेश जारी करते हुए डॉ. शर्मा को जयपुर मुख्यालय में उपस्थिति देने के निर्देश दिए हैं।

आदेश जारी होने के बाद डॉ. शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो पोस्ट किए। पहले वीडियो में उन्होंने खुद को पद से हटाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें यह नहीं पता कि उन्हें क्यों और किस गलती के कारण हटाया गया। दूसरे वीडियो में शुक्रवार को वे उसी अस्पताल में मरीजों का इलाज करते दिखे और उन्होंने मरीजों से कहा कि “कुछ मरीजों का इलाज बाकी रह गया था, इसलिए आया हूं। मेरा ऑर्डर आ गया है। मैं सोमवार तक यहीं हूं, इलाज करा लो।”

डॉ. शर्मा इंस्टाग्राम पर अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों से जुड़े रील पोस्ट करते रहते हैं और उनके 3.10 लाख फॉलोअर हैं। ड्यूटी के समय रील बनाने को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसे कार्रवाई की बड़ी वजह माना जा रहा है।

CMHO बोले - ड्यूटी के प्रति लापरवाही पर हुई कार्रवाई

CMHO डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि डॉ. शर्मा के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वे अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाह रहते हैं और समय पर अस्पताल नहीं पहुंचते। उन्होंने कहा “कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि डॉ. शर्मा बार-बार ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे थे और समय पर अस्पताल नहीं पहुंच रहे थे, जबकि शिकायतें लगातार मिल रही थीं।”

उन्होंने बताया कि इस मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को भेजी जाएगी।

बड़गांव सैटेलाइट हॉस्पिटल के सामने पिछले कई सालों से दो मेडिकल स्टोर अवैध रूप से संचालित हो रहे थे। करीब दो सप्ताह पहले सीएमएचओ की टीम ने छापा मारकर यहां मरीजों को बिना डॉक्टर भर्ती कर इलाज किए जाने और दवाइयां लिखने जैसी अनियमितताओं का खुलासा किया। इस दौरान अवैध क्लिनिक बंद कराए गए और नोटिस जारी किया गया।

सीएमएचओ के अनुसार अस्पताल प्रभारी होने के नाते डॉ. शर्मा को इन अवैध क्लिनिकों पर कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।

#UdaipurNews #RajasthanNews #BadgaonHospital #UdaipurUpdate #DoctorRemoved #HealthDeptAction #InstagramReelControversy #UdaipurLive #UdaipurMedia #RajasthanUpdate