कीमतों मे वृद्धि की मांग को लेकर सप्लाई रोकेगा उदयपुर दुग्ध उत्पादक संघ

 | 
Udaipur Dugdh Utpadak SAngh

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर मे दूध की कीमतों में वृद्धि की मांग को लेकर उदयपुर दुग्ध उत्पादक संघ ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को उदयपुर के समीपवर्ती ग्राम मनवाखेड़ा में संघ की मनवाखेड़ा इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बुधवार, दिनांक 11/11/2026 को डबोक स्थित धूणी माता मेला ग्राउंड में एक भव्य बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में दूध की रेट बढ़ाए जाने पर अंतिम और निर्णायक फैसला लिया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता किसान नेता विष्णु पटेल ने की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक गांव की नहीं, यह हर गौपालक के अधिकारों की लड़ाई है। पशु आहार, खल-चूरी, चारे के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन दूध का दाम आज भी वहीं अटका है। अब गौपालक चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने जिलेभर के सभी गौपालकों से कल की बैठक में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की।

फैसला नहीं हुआ तो दूध की सप्लाई रोकने पर होगा विचार

विष्णु पटेल ने साफ चेतावनी दी कि यदि कल की बैठक में दूध की कीमतों को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ, तो गौपालक दूध की सप्लाई रोकने जैसे कड़े कदम पर भी विचार करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि हम टकराव नहीं चाहते, लेकिन यदि हमारे हक की अनदेखी हुई तो आंदोलन ही एकमात्र रास्ता होगा।

गांव-गांव जाएंगे कार्यकर्ता, नारायणदास वैष्णव बने प्रभारी

कल की महा-बैठक में ज्यादा से ज्यादा गौपालकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संघ ने विशेष रणनीति बनाई है। इसके लिए नारायणदास वैष्णव (एकलिंगपुरा) को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे आज शाम तक गांव-गांव जाकर गौपालकों को बैठक में लाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

बैठक में ये रहे मौजूद

पूर्व उप सरपंच शंभू लाल डांगी, प्रेम चंद पटेल, तोली राम डांगी, गोपाल डांगी, हरिश पटेल, अंबालाल पटेल, प्रकाश डांगी, लक्ष्मी लाल डांगी, नारायण डांगी, सत्यनारायण अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गौपालक मौजूद थे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News