Udaipur Files: रिलीज के दौरान कई तरह की बाधाएं-निर्माता अमित जानी

5 सितंबर से 'उदयपुर फाइल्स' दुनिया के कई देशों में भी रिलीज की जा रही है
 | 
Udaipur Files Producer

उदयपुर 19 अगस्त 2025 ।  कन्हैयालाल हत्याकांड पर बनी फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' के निर्माता अमित जानी सोमवार को उदयपुर पहुंचे। उन्होंने यहां कन्हैयालाल टेलर के परिजनों से मुलाकात की और उनके घर जाकर संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वे जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां एसपी योगेश गोयल से भी बातचीत की।

निर्माता अमित जानी ने कहा कि फिल्म की रिलीज के दौरान कई तरह की बाधाएं आईं। बीच में बड़ी फिल्मों के आने से स्क्रीन नहीं मिली और कुछ जगहों पर धमकियां दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिनेमाघरों को जलाने की धमकी दी गई, जिसके कारण कुछ बड़े सिनेमा ग्रुप ने फिल्म नहीं लगाई। महाराष्ट्र के सिनेमाघरों में तोड़फोड़ भी हुई, हालांकि अन्य जगह शांति से फिल्म का प्रदर्शन हुआ।

अमित जानी ने बताया कि अब 5 सितंबर से 'उदयपुर फाइल्स' दुनिया के कई देशों में भी रिलीज की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी निर्माता यह नहीं चाहता कि उसकी कृति पर सेंसर बोर्ड की ओर से कट लगाए जाएं। अगर इस फिल्म में कट नहीं लगते तो बेहतर होता, लेकिन इसके बावजूद जो संदेश देने के उद्देश्य से फिल्म बनाई गई थी, वह दर्शकों तक पहुंच गया है।

गौरतलब है कि 'उदयपुर फाइल्स' फिल्म 11 अगस्त को देशभर में रिलीज हुई थी, लेकिन कई सिनेमाघरों में इसे जगह नहीं मिली थी। इसको लेकर भी षड़यंत्र का आरोप लगाया गया था। अमित जानी उदयपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए।