उदयपुर: ग्रेड-4 भर्ती परीक्षा शुरू, पहली पाली में 35,000 से अधिक अभ्यर्थी शामिल
उदयपुर 19 सितंबर 2025। आज से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। शहर के 112 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुबह की पहली पारी में 35,520 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा देने के लिए उदयपुर सहित बांसवाड़ा, डूंगरपुर, सिरोही और सलूंबर ज़िलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे।
परीक्षा केंद्रों पर समय का पालन सख्ती से किया गया। रेजीडेंसी सेंटर पर डूंगरपुर की एक अभ्यर्थी गेट बंद होने के बाद पहुंची और स्टाफ से प्रवेश देने की गुहार लगाती रही, लेकिन समय सीमा का हवाला देते हुए उसे प्रवेश नहीं दिया गया। इस दौरान कई अन्य अभ्यर्थी भी समय पर न पहुंच पाने के कारण निराश लौट गए।
महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले बालियां उतारने को कहा गया। वहीं, सेंट ग्रिगोरियस स्कूल सेंटर से बाहर आते परीक्षार्थियों ने बताया कि कई उच्च शिक्षित उम्मीदवार भी इस परीक्षा में शामिल हुए हैं। उनका कहना था कि सरकारी नौकरी पाना ही उनकी प्राथमिकता है।
भिवाड़ी से आए एक अभ्यर्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा की तरह राजस्थान में भी लॉकर सुविधा उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। वहां सरकार की ओर से टोकन देकर छात्रों को सुविधा दी जाती है, लेकिन राजस्थान में छात्रों को अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा की चिंता बनी रहती है।
बांसवाड़ा से आए एक अभ्यर्थी ने बताया कि वह सुबह 6 बजे ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे। उन्होंने बीएड और एमए की पढ़ाई की है और कहा कि उनका लक्ष्य सरकारी नौकरी पाना है, जिसके लिए वे किसी भी परीक्षा में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
अतिरिक्त ज़िला कलक्टर प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 20 और 21 सितंबर को भी दोनों पारियों में क्रमशः 35 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कंट्रोल रूम प्रभारी चंद्रेश जैन ने बताया कि तीनों दिन मिलाकर कुल 2 लाख 11 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी इस भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे।
