उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर वकीलों का प्रदर्शन तेज़

सैकड़ों वकील जुलूस निकाल संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचे, धरना जारी

 | 

उदयपुर 19 सितंबर 2025 । हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर वकीलों का आंदोलन तेज हो गया है। शुक्रवार दोपहर सैकड़ों की संख्या में वकील कोर्ट चौराहे पर एकत्र हुए और वहां से जुलूस की शक्ल में चेतक सर्किल होते हुए पैदल संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचे। वकीलों ने इस दौरान “केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल मुर्दाबाद”और “मेवाड़ मांगे हाईकोर्ट बेंच” जैसे नारे लगाए।

धरने के दौरान संभागीय आयुक्त कार्यालय गेट पर पुलिस जाब्ता तैनात रहा। वहीं, सामने टेंट लगाकर वकीलों का धरना-प्रदर्शन जारी है, जो शनिवार को भी चलेगा।

high court bench demand

वरिष्ठ अधिवक्ता राजेन्द्र सिंह हिरण ने कहा कि उदयपुर को हाईकोर्ट बेंच बहुत पहले मिल जानी चाहिए थी, लेकिन यहां के सांसद-विधायकों ने कभी इस पर गंभीरता नहीं दिखाई। इसी कारण आज वकीलों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जनप्रतिनिधि साथ खड़े होते तो बेंच अब तक मिल जाती।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष चन्द्रभान सिंह शक्तावत ने भी जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्षों से उदयपुर के लिए हाईकोर्ट बेंच की मांग की जा रही है, लेकिन यहां के नेताओं की अनदेखी के कारण यह संभव नहीं हो पाया। 

शक्तावत ने कहा कि केंद्रीय कानून मंत्री ने अपने जिले में बेंच स्थापित करवा ली, जबकि उदयपुर की लंबी मांग को अब तक दरकिनार कर दिया गया है।