उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच: 12 सितंबर से संभाग स्तरीय उग्र आंदोलन
उदयपुर 11 सितंबर 2025। एक बार फिर मेवाड़-वागड़़ हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति ने हुंकार भरी है। आंदोलन पर जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षण करने के लिए मेवाड़-वागड़़ हाईकोर्ट बैंच संघर्ष समिति एवं बार एसोसिएशन उदयपुर में आज आपातकालीन बैठक कर आगामी रणनीति तय की।
बैठक की अध्यक्षता संयोजक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश नंदवाना ने की। बैठक में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष शंभू सिंह राठौड़, भरत जोशी, महेंद्र नागदा सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।
हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के संयोजक रमेश नंदवाना ने बैठक में मौजूद अधिवक्ताओं को बताया कि मुख्य न्यायाधीश की इस यात्रा से पूर्व उदयपुर के सांसद व विधायकों से संपर्क कर उनसे वार्ता करनी आवश्यक हो गई है ताकि वह मेवाड़ के साथ किसी तरह की वादा खिलाफी के खिलाफ अपना आंदोलन फिर खड़ा कर सके। इसके लिए उदयपुर के सांसद मन्नालाल रावत, चित्तौड़ के सांसद सी पी जोशी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, शहर और उदयपुर जिले के विधायको के साथ आपातकालीन बैठक तय कर आगामी रणनीति पर विचार करना तय किया जावे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह शक्तावत ने बताया कि इस आंदोलन को लेकर आम जनता को जोड़ने तथा मांग को पूरा करने के लिए शीघ्र सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायमुर्ति एवं राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति एवं मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के साथ विधि मंत्री को ज्ञापन प्रेषित करना तय किया गया है।
बैठक में बार एसोसिएशन के महासचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि आंदोलन को लेकर आम जनता को फिर जोड़ा जाए और सड़कों पर उतार जाए तभी इस मांग को पूरा किया जा सकता है उन्होंने बार एसोसिएशन से जुड़े सभी अधिवक्ताओं को इस मांग को लेकर कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने की अपील की है और दिनांक 12.09.2025 से आन्दोलन किया जा रहा है।
बैठक में बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवीलाल जाट, सचिव अभिषेक कोठारी, वित्त सचिव राजकुमार शर्मा, पुस्तकालय सचिव खेमराज डांगी, हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के प्रवक्ता हरीश पालीवाल, बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता नरपत सिंह चुंडावत, गोपाल सिंह चौहान, हेमंत जोशी, गगन सनाढ्य, बृजेंद्र सेठ, डॉ सतीश मीणा सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
#UdaipurProtest #HighCourtBench #MewarWagad #BarAssociationUdaipur #LegalActivism #PublicMovement #RajasthanNews #JudicialVisit #UrgentMeeting #Agitation2025 #UdaipurTimes
