ऐतिहासिक किले की पार्टी पर बवाल
प्रतिभागियों ने लगाया फ्रॉड का आरोप, वायरल वीडियो के बाद विरासत स्थल पर आयोजन को लेकर उठे गंभीर सवाल
Udaipur Times News, High Profile Party, उदयपुर 2 जुलाई 2026 - उदयपुर जिले के कुराबड़-बंबोरा ऐतिहासिक किले एक होटल में आयोजित हाई-प्रोफाइल निजी इवेंट अब बड़े विवाद में घिर गया है। मेवाड़ की शौर्य, संस्कृति और गौरव के प्रतीक माने जाने वाले इस ऐतिहासिक दुर्ग में कथित शराब पार्टी, तेज म्यूजिक और अशोभनीय डांस के वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने आयोजक कंपनी और होटल प्रबंधन पर गंभीर धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। UdaipurNews
प्रतिभागियों का आरोप है कि उन्हें “24 घंटे नॉन-स्टॉप पार्टी” का लालच देकर महंगे टिकट और लग्जरी कमरे बेचे गए। कई लोगों से प्रति व्यक्ति पांच-पांच हजार रुपये तक टिकट शुल्क लिया गया, जबकि कुछ मेहमानों ने एक-एक लाख रुपये तक खर्च कर कमरे बुक कराए। लेकिन देर रात पुलिस द्वारा कार्यक्रम बंद करवाए जाने के बाद पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। Event Organizer Fraud
सूत्रों के अनुसार, आयोजन के लिए प्रशासन से केवल रात 10 बजे तक की अनुमति ली गई थी, जबकि प्रतिभागियों को पूरी रात चलने वाले इवेंट का भरोसा दिलाया गया। कार्यक्रम तय समय से पहले बंद होने पर कई लोग भड़क उठे। आरोप है कि नाराज प्रतिभागियों ने आयोजक कंपनी के कर्मचारियों का विरोध किया और कथित तौर पर धक्का-मुक्की व मारपीट की नौबत तक आ गई।
इवेंट में शामिल लोगों का कहना है कि होटल प्रबंधन और आयोजक कंपनी ने मिलकर लोगों को गुमराह किया। उनका सवाल है कि यदि प्रशासनिक अनुमति सीमित समय तक थी, तो इसकी स्पष्ट जानकारी पहले क्यों नहीं दी गई। कई प्रतिभागियों ने इसे सुनियोजित फ्रॉड बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, इस इवेंट के लिए करीब एक हजार से अधिक लोगों को टिकट जारी किए गए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्रतिभागियों के आरोप सामने आने के बाद अब आयोजन की अनुमति प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। Cultural Heritage Protection
इधर, ऐतिहासिक धरोहर में इस प्रकार के आयोजन को लेकर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी कड़ी नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि मेवाड़ की आन-बान-शान और वीरता के प्रतीक रहे ऐतिहासिक स्थलों को मनोरंजन और कथित शराब पार्टियों का अड्डा बनाना संस्कृति और विरासत दोनों के साथ खिलवाड़ है। High Profile Party
सामाजिक संगठनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों पर ऐसे आयोजनों की अनुमति किन शर्तों पर दी जा रही है और नियमों की निगरानी आखिर कौन कर रहा है।
अब यह मामला केवल एक निजी पार्टी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मेवाड़ की सांस्कृतिक गरिमा, प्रशासनिक जवाबदेही और आयोजन व्यवस्थाओं पर उठते गंभीर सवालों का विषय बन चुका है
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #Mewar #HistoricFort #Heritage #RajasthanTourism #BreakingNews #Culture #HeritageConservation #Kurabad #Bambora #UdaipurTimes #IndiaNews #ViralNews
