Udaipur News: अस्पताल हिंसा मामला: SHO लाइन हाजिर, 10 आरोपी गिरफ्तार
जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में डॉक्टरों से मारपीट और तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने जांच तेज की, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी।
Udaipur Crime News, उदयपुर 4 जून 2026- शहर में कुम्हारों का भट्टा स्थित जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में मरीज के परिजनों और रिश्तेदारों द्वारा डॉक्टरों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भूपालपुरा थाना प्रभारी आदर्श कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह सुनील चारण को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मारपीट का शिकार हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता ने बुधवार को सैकड़ों डॉक्टरों के साथ एसपी डॉ. अमृता दुहन को शिकायत सौंपी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी में डॉक्टरों के साथ मारपीट की गई। डॉ. गुप्ता ने कहा कि ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों को घसीट-घसीटकर पीटा गया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा के निर्देशन में एक विशेष जांच समिति गठित की है। समिति सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है।
पुलिस अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। डॉक्टरों का दावा है कि 30 से 40 लोगों की भीड़ ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ की और डॉक्टरों व अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट की। आईएमए अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिन के भीतर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो डॉक्टर समुदाय बड़ा आंदोलन करेगा। घटना मंगलवार को हुई थी।
लसाड़िया क्षेत्र के कूण निवासी और कपड़ा व्यापारी कुलदीप जैन (50) बाइक से उदयपुर आते समय नीलगाय के सामने आ जाने से दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। हादसे में उनके दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें उपचार के लिए जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के बाद देर शाम तक होश नहीं आने पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
आरोप है कि गुस्साए लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की, ऑपरेशन थिएटर में डॉ. नवीन गोयल को बंद कर उनके साथ मारपीट की।
अस्पताल संचालक डॉ. जेपी शर्मा, उनके बेटे डॉ. कनिष्क शर्मा और अन्य स्टाफ को भी निशाना बनाया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे आईएमए अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता भी हमले का शिकार हुए और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए।
#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurCity #UdaipurUpdates #Rajasthan #RajasthanNews #Mewar #Bhupalpura #KumharonKaBhatta #UdaipurBreakingNews #LakeCityNews #UdaipurPolice #HealthcareNews
