भूमि विकास बैंक चुनाव में गरमाया माहौल , नागदा फिर अध्यक्ष

परिणाम घोषित होते ही बैंक के बाहर हंगामा, मथुरेश नागदा तीसरी बार अध्यक्ष बने

 | 

उदयपुर 29 मई 2026 - भूमि विकास बैंक में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के बाद परिणाम घोषित होते ही बैंक परिसर के बाहर राजनीतिक माहौल गरमा गया।

हंगामे के बीच कांग्रेस समर्थित मथुरेश नागदा तीसरी बार भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि करण सिंह निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। दोपहर करीब 3:15 बजे निर्वाचन अधिकारी ने परिणाम घोषित किए।

इसके बाद कांग्रेस समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और बैंक के बाहर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। परिणामों की घोषणा से पहले पुलिस ने बैंक परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया था।

चैनल गेट बंद कर दिया गया था और केवल निर्वाचित संचालक मंडल के सदस्यों को ही प्रवेश की अनुमति थी। मौके पर डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ और भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्श कुमार सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए थे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए बैंक के बाहर प्रदर्शन किया और चुनाव स्थगित करने की मांग दोहराई।

भाजपा नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से जवाब मांगा। डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए कहा कि हाईकोर्ट के आदेश और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार चुनाव कराए जा रहे हैं।

यदि किसी को आपत्ति है तो वह उच्च स्तर पर अथवा न्यायालय में अपनी बात रख सकता है। समझाइश के बावजूद भाजपा समर्थक प्रदर्शन पर अड़े रहे। नारेबाजी कर रहे कुछ कार्यकर्ता आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को चैनल गेट की सीढ़ियों से नीचे हटाया।

Congress Udaipur

परिणाम घोषित होने के बाद जैसे ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष मथुरेश नागदा बैंक से बाहर आए, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया और पूर्व देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला ने इसे कांग्रेस की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत बताया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष मथुरेश नागदा ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई है।

उन्होंने कहा कि संचालक मंडल का चुनाव पहले ही संपन्न हो चुका था और अब अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव पर आपत्तियां जताने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर वे किसानों के हित में पहले की तरह पूरी ताकत और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

इससे पहले दोपहर 12:10 बजे भाजपा नेता ललित सिंह सिसोदिया, सन्नी पोखरना और नीरज सामर ने निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार कोठारी के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया। इसकी जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता मथुरेश नागदा, दिनेश श्रीमाली, गौरव प्रताप सिंह सहित अन्य नेता भी बैंक परिसर में पहुंच गए। निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार कोठारी ने विरोध कर रहे पक्ष से अपनी आपत्तियां लिखित रूप में प्रस्तुत करने को कहा। भाजपा समर्थकों ने लिखित आपत्ति देते हुए दावा किया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवार पात्र नहीं हैं क्योंकि वे बैंक के ऋणी नहीं हैं।

उन्होंने इस संबंध में जांच की मांग की। साथ ही सेशन कोर्ट में दायर अपनी आपत्तियों का भी उल्लेख किया। बैंक परिसर के बाहर कांग्रेस की ओर से पूर्व देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला, पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया, विवेक कटारा, श्यामलाल चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #UdaipurPolitics #MathureshNagda #LandDevelopmentBank #BJP #Congress #RajasthanPolitics #UdaipurUpdates #CooperativeBankElection #PoliticalNews #UdaipurLocalNews #RajasthanUpdate #BreakingNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News