उदयपुर: 1500 बीघा से अधिक परिधि क्षेत्र की भूमि हस्तांतरण, हजारों परिवारों को पट्टों की बड़ी उम्मीद
Udaipur Times, Udaipur News: परिधि क्षेत्र संघर्ष समिति के लंबे आंदोलन का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। संघर्ष समिति ने दावा किया है कि नगर निगम में शामिल किए गए ग्रामीण क्षेत्रों की लगभग 1500 बीघा से अधिक आबादी भूमि का पंचायतों और नगर निगम के बीच हस्तांतरण होने से अब हजारों परिवारों को पट्टे मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि उदयपुर ग्रामीण, उदयपुर शहर, मावली, वल्लभनगर और गोगुंदा विधानसभा क्षेत्रों सहित आठ तहसीलों के लोग इस समस्या से प्रभावित थे। भूमि हस्तांतरण की मांग को लेकर समिति लगातार आंदोलन, प्रदर्शन और जयपुर तक कूच करती रही।
समिति अध्यक्ष चंदन सिंह देवड़ा ने बताया कि हाल ही में जिला कलेक्टर से हुई बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पहले चरण में 431 बीघा भूमि का हस्तांतरण किया गया था, जबकि दूसरे चरण में घनी आबादी वाली बड़ी भूमि का भी पंचायतों और नगर निगम को हस्तांतरण कर दिया गया है। इससे संबंधित क्षेत्रों के लोगों को पट्टे मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
संघर्ष समिति के अनुसार, जिन गांवों और आराजियों का हस्तांतरण अभी शेष है, उनकी सूची भी जल्द तैयार कर कार्रवाई की जाएगी। इसमें सवीना खेड़ा, भेशड़ा, लाड़िया खेड़ा, बीचड़ी सहित अन्य क्षेत्रों की शेष भूमि को भी जल्द हस्तांतरित करने का आश्वासन प्रशासन की ओर से दिया गया है।
समिति ने कहा कि जब तक सभी पात्र परिवारों को पट्टे नहीं मिल जाते और सभी शेष गांवों की भूमि का हस्तांतरण नहीं हो जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
संघर्ष समिति ने इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन, राज्य सरकार, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा तथा जनप्रतिनिधियों और आंदोलन से जुड़े सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। समिति का कहना है कि यह निर्णय क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी राहत साबित होगा और वर्षों से लंबित पट्टों की प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ेगी।
