उदयपुर में अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन
उदयपुर 2 दिसंबर 2025 । शनिवार 29 नवंबर को एक अधिवक्ता के साथ थाने में हुई कथित बदसलूकी के विरोध में उदयपुर के अधिवक्ता समुदाय ने न्यायालय परिसर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना–प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए नई थाना के हेड कॉन्स्टेबल पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए उसे निलंबित करने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान डिप्टी एसपी की कार का घेराव किया और मांग रखी कि हेड कॉन्स्टेबल को तत्काल निलंबित किया जाए। बढ़ते तनाव को देखते हुए विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए हेड कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया। इसके बावजूद अधिवक्ता निलंबन की मांग पर अड़े रहे, जिसके चलते कोर्ट परिसर में वातावरण तनावपूर्ण हो गया।
घटना के पीड़ित अधिवक्ता धर्मेंद्र धाबाई ने बताया कि वे हवाला गांव के रहने वाले हैं। 29 नवंबर की रात उनके बड़े भाई के रेस्टोरेंट पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर मारपीट की तथा कार पर पत्थर फेंककर कांच तोड़ दिए। इस घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए जब वे नई थाना पहुंचे तो हेड कॉन्स्टेबल ने कथित रूप से उनके साथ दुर्व्यवहार किया, उनकी कॉलर पकड़कर उन्हें जमीन पर बैठा दिया।
हालांकि विभाग की तरफ से हेड कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है, लेकिन अधिवक्ता समुदाय उसका निलंबन किए जाने की मांग पर दृढ़ है। इस संबंध में अधिवक्ता चेतनपुरी गोस्वामी ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई जल्द नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
#UdaipurNews #UdaipurLive #RajasthanNews #UdaipurUpdates #NaiThana #LawyersProtest #PoliceMisconduct #JudicialPremises #UdaipurLocal #RajasthanLive #UdaipurBreaking #UdaipurCrimeNews
