MLSU: प्रो. सुनीता मिश्रा के बयान पर बवाल बढ़ा
रैली निकालकर प्रशासनिक भवन तक मार्च
उदयपुर 20 सितंबर 2025। मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी की कुलगुरु प्रो. सुनीता मिश्रा के बयान पर विवाद और गहरा गया है। शनिवार को बेकनी पुलिया से सर्व समाज के लोग और युवाओं ने रैली निकालकर प्रशासनिक भवन तक मार्च किया। इस दौरान NSUI के कार्यकर्ता भी नारेबाजी करते हुए कुलगुरु को हटाने की मांग पर अड़े रहे।
जब प्रदर्शनकारियों की भीड़ प्रशासनिक भवन की ओर बढ़ने लगी, तो पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक भवन के चैनल गेट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही।
इधर, कुछ प्रदर्शनकारी VC आवास की ओर भी बढ़ गए और वहां नेम प्लेट पर कालिख पोतने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोक लिया और इस दौरान छात्रों व पुलिस में बहस हो गई। मौके पर पहुंचे पूर्व डिप्टी मेयर महेंद्र सिंह शेखावत ने समझाइश की। हालांकि कुछ आक्रोशित युवाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में छोड़ दिया। VC प्रो. सुनीता मिश्रा उस समय उदयपुर में मौजूद नहीं थीं।
बाद में सर्व समाज की ओर से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें कुलगुरु को तत्काल बर्खास्त करने की मांग रखी गई। प्रदर्शन में हिंदू जागरण मंच के प्रांत संयोजक रविकांत त्रिपाठी, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष उजागर सिंह डामला, करणी सेना संभाग अध्यक्ष डॉ. परमवीर सिंह डुलावत, जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह झाला, विप्र सेना के दिनेश शर्मा, क्षत्रिय महासभा के अशोक सिंह, भारतीय मजदूर संघ से अमर सिंह सांखला, महाराणा प्रताप सेना से मोहन सिंह राठौड़, प्रकाश प्रजापत और बजरंग सेना से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
