Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर शहर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात नगर निगम के क्वार्टर की तीसरी मंजिल से गिरने से एक अकाउंटेंट की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अकाउंटेंट छत पर टहलते हुए मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 39 वर्षीय दिलीप सिंह चौहान पुत्र गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वे मूल रूप से डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर स्थित वलाई गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में उदयपुर नगर निगम में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। वे नगर निगम के क्वार्टर में अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते थे।
मृतक के पिता गजेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 3 बजे दिलीप मोबाइल पर बात करते हुए क्वार्टर की तीसरी मंजिल की छत पर चले गए थे। इसके बाद वे छत पर टहलते हुए मोबाइल पर वीडियो देखने लगे। छत पर करीब ढाई फीट ऊंची दीवार थी। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए।
हादसे के समय उनकी पत्नी और दोनों बेटियां नीचे सो रही थीं। तेज आवाज सुनकर पत्नी और आसपास के पड़ोसी बाहर निकले तो दिलीप खून से लथपथ हालत में नीचे पड़े मिले। उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन और पड़ोसी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन करीब आधे घंटे बाद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दिलीप की दो मासूम बेटियां हैं। बड़ी बेटी पांच साल की है और नर्सरी में पढ़ती है, जबकि छोटी बेटी महज एक साल की है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया।
भूपालपुरा थाने के जांच अधिकारी भंवर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दिलीप छत पर टहलते समय मोबाइल में व्यस्त थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर गए। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।