उदयपुर राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड निस्तारण: 5.38 लाख प्रकरण सुलझे, 18 करोड़ रुपए के अवार्ड पारित
8,753 लंबित और 5.30 लाख प्रि-लिटिगेशन मामलों का निपटारा, एनआई एक्ट मामलों में ₹13.20 करोड़ के अवार्ड जारी
उदयपुर 9 मई 2026 - शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड संख्या में प्रकरणों का निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस लोक अदालत में कुल 5 लाख 38 हजार 773 प्रकरणों का निस्तारण करते हुए लगभग 18 करोड़ रुपए के अवार्ड पारित किए गए। इनमें न्यायालयों, अधिकरणों एवं आयोगों में लंबित 8753 प्रकरण तथा प्रि-लिटिगेशन के 5 लाख 30 हजार 20 प्रकरण शामिल रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर न्यायाधीशगण, अधिवक्ता, बैंक एवं बीमा कंपनियों के अधिकारी तथा पक्षकार उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के सचिव एवं एडीजे कुलदीप शर्मा ने बताया कि एनआई एक्ट न्यायालयों में 622 प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जिनमें लगभग 13 करोड़ 20 लाख रुपए के अवार्ड पारित हुए। वहीं पारिवारिक न्यायालयों के 168 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के 25 मामलों में करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपए के अवार्ड पारित किए गए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रकरणों का निस्तारण होने पर मामला हमेशा के लिए समाप्त हो जाता है तथा इसके खिलाफ अपील नहीं होती।
साथ ही पक्षकारों द्वारा जमा कराई गई कोर्ट फीस भी वापस लौटा दी जाती है। लोक अदालत के माध्यम से आपसी भाईचारा और सौहार्द की भावना भी मजबूत होती है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए उदयपुर मुख्यालय सहित तहसील स्तर पर विभिन्न बेंचों का गठन किया गया था। इस दौरान विभिन्न बैंक, फाइनेंस कंपनियों, बीएसएनएल और विद्युत निगम के अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #LokAdalat #LegalNews #CourtNews #IndiaNews #UdaipurUpdates #Judiciary #TrendingNews #UdaipurCity
