Udaipur News: खेरवाड़ा के आड़ीवली गांव में लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश
खेरवाड़ा डिप्टी की मौजूदगी में ग्रामीणों और महिलाओं ने की नारेबाजी, एसपी कार्यालय के बाहर धरने की चेतावनी
Udaipur Times. Udaipur News: उदयपुर जिले के खेरवाड़ा क्षेत्र के नयागांव के आड़ीवली गांव में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। चोरियों का खुलासा नहीं होने और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
इसको लेकर खेरवाड़ा डिप्टी की मौजूदगी में ग्रामीणों एवं महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से गांव में भय का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस अब तक अपराधियों तक पहुंचने में नाकाम रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरियों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो समस्त ग्रामीण जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।