उदयपुर में पुलिस शहीद दिवस पर 154 वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
रक्तदान शिविर और पौधारोपण का आयोजन
Udaipur Times News, Police Martyrs Day, उदयपुर 22 अक्टूबर 2026 । राष्ट्र सेवा और आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन, उदयपुर में पुलिस शहीद दिवस मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।
समारोह में उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक वीरगति प्राप्त करने वाले 154 पुलिस शहीदों के नामों का पठन किया। इसके बाद परेड कमांडर गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहीद स्मारक पर पुलिस शहीद दिवस परेड आयोजित की गई और शहीदों को सलामी दी गई। अधिकारियों और जवानों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा। Police Martyrs Day Udaipur
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, शहीदों की स्मृति में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। Udaipur News
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर लखमन राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अनुसंधान प्रकोष्ठ मंजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुलिस परामर्श केंद्र अंजना सुखवाल सहित पुलिस उप अधीक्षक, थानाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
समारोह के माध्यम से पुलिस विभाग ने देश की सुरक्षा और जनसेवा में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।