उदयपुर चिरवा टनल के पास सड़क हादसे में मृत अज्ञात महिला की पहचान में जुटी पुलिस
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में चिरवा टनल से पहले नाथद्वारा जाने वाले मार्ग पर सड़क हादसे में एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। पुलिस महिला की पहचान करने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने के प्रयास में जुटी है। इस संबंध में सुखेर थाना पुलिस ने आमजन से जानकारी साझा करने की अपील की है।
थाने के एएसआई हरीश के अनुसार, 2 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे हुए हादसे में एक महिला और सत्यनारायण की मौत हुई थी। सत्यनारायण के भाई मनीष बोराणा ने 4 नवंबर को इस संबंध में सुखेर थाने में मामला दर्ज करवाया। हादसे में मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
पुलिस ने महिला का हुलिया जारी करते हुए बताया कि उसकी उम्र करीब 35 वर्ष, कद लगभग 5 फीट 2 इंच, गठीला शरीर, गोरा रंग, चपटी नाक और सिर पर काले बाल हैं। पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति महिला को पहचानता है या उसके निवास अथवा परिजनों के बारे में जानकारी रखता है तो सुखेर थाना पुलिस को सूचित करें।