Udaipur Times, Sajjangarh Lion Safari: उदयपुर के सज्जनगढ़ स्थित लॉयन सफारी में करीब साढ़े पांच साल की मादा एशियाटिक शेरनी सुनैना की रविवार दोपहर मौत हो गई। शेरनी पिछले करीब तीन महीने से बीमार थी और पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका लगातार उपचार चल रहा था।
मौत के बाद मेडिकल बोर्ड की टीम ने शेरनी का पोस्टमॉर्टम किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
सज्जनगढ़ लॉयन सफारी में सुनैना की मौत के बाद अब केवल नर शेर सम्राट बचा है। इसी वर्ष 16 फरवरी को लॉयन सफारी की शुरुआत हुई थी, जिसके बाद सुनैना और सम्राट को यहां शिफ्ट किया गया था।
जानकारी के अनुसार, सुनैना 24 मई से बीमार चल रही थी और उसका लगातार इलाज किया जा रहा था। हालांकि 21 जुलाई से 20 अगस्त के बीच उसकी सेहत में काफी सुधार देखने को मिला था। इस दौरान वह नियमित रूप से पूरा भोजन ले रही थी और उपचार पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रही थी।
लेकिन 21 अगस्त को उसकी तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई। उसने सुबह आंशिक भोजन ही लिया, जिसके बाद मेडिकल टीम ने तत्काल उसके सैंपल लेकर जांच शुरू की और रिपोर्ट के आधार पर उपचार किया गया। इसके बावजूद रविवार दोपहर अचानक उसकी हालत गंभीर हो गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
लंबे समय से चल रहे उपचार के बावजूद सुनैना को बचाया नहीं जा सका। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही उसकी मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
