सेटेलाइट चिकित्सालय हिरण मगरी में विधायक ने किया उपकरणों का उदघाटन

दानदाताओं के सहयोग से प्राप्त विविध उपकरणों का शुभारंभ 
 | 
Settelite hospital HM

उदयपुर 18 अप्रैल 2026 । हिरण मगरी सेक्टर 5 स्थित राजकीय सेटेलाइट चिकित्सालय में शनिवार को राज्य सरकार तथा दानदाताओं के सहयोग से प्राप्त विविध उपकरणों का उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा के आतिथ्य में शुभारंभ किया गया।

चिकित्सालय में राज्य सरकार की ओर से 46 लाख की लागत से डिजिटल रेडियोग्राफी सिस्टम, 500 एम.ए स्थापित किया गया है। इससे अब चिकित्सालय में दो एक्सरे मशीन हो जाएंगी। इस अत्याधुनिक मशीन से काफी कम समय में एक्स-रे हो कर उच्च गुणवत्ता पुर्ण एक्स-रे रोगी को मिल सकेंगे। इसी प्रकार 45 लाख रूपए की लागत की लेपरोस्कॉपी मशीन भी उपलब्ध कराई गई है। इस मशीन से बिना चीरा लगाए दूरबीन से जनाना व सर्जरी के ऑपरेशन प्रारम्भ हो सकेंगे। इस मशीन के लगने से ऑपरेशनों की संख्या में वृद्धि व मुख्यमंत्री आरोग्य योजना में चिकित्सालय की आय में वृद्धि होगी। 

इसके अलावा 22 लाख रूपए की लागत से सी-आर्म मशीन भी स्थापित की गई है। इससे अस्थि रोग विभाग में जटिल ऑपरेशन हो सकेगे। 15 लाख रूपए की लागत से ए.बी. स्कैन मशीन लगाई गई है। ए स्कैन मशीन मोतियाबिंद के ऑपरेशन के दौरान लैस के नम्बर निकालने के लिए काम में आती है व बी स्कैन मशीन से ऑखों की सोनोग्राफी की जाती है जिसके दौरान आँखों मे कोई ट्यूमर या लिसन इत्यादि हो तो उसकी पहचान संभव हो सकेगी।

RNT मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य एंव नियत्रंक डॉ. एस. के. कौशिक एवं पूर्व छात्र डॉ. शेलेन्द्र हिरण द्वारा आई.ए.पी. कांफ्रेंस द्वारा अत्याधुनिक ऑटोमेटिक ऑपरेशन टेबल दान मे दिया गया जिसकी लागत 2 लाख रूपए है। प्रतिदिन 2200 से 2700 रोगी इस चिकित्सालय में इलाज हेतु आते है, लगभग 120 प्रसव प्रतिमाह इस चिकित्सालय में होते है, प्रतिदिन 3 से 5 मेजर ऑपरेशन होते है व अब ऑपरेशन टेबल की संख्या 3 हो गई है जिससे अब ऑपरेशन के लिए वेटिग कम हो जायेगी। इन अत्याधुनिक मशीनों के मिलने से चिकित्सालय में आने वाले रोगियों को गुणवता पूर्ण इलाज मिल सकेगा व रोगियों की संख्या में वृद्वि होगी।

श्रीमति शशीप्रभा एंव बृजभुषण श्रीवास्तव ने अपने पुत्र स्व. श्री नमित श्रीवास्तव की स्मृति में नवीन पंजीकरण कक्ष बनाने के लिए 10 लाख दान में दिए। इस पर विधायक फुल सिंह मीणा और आरएनटी प्रधानाचार्य डॉ राहुल जैन ने उनका अभिनंदन किया।

समारोह में उपनियंत्रक डॉ नरेन्द्र देवल, डॉ मुकेश जैन, डॉ. सीमा जैन, डॉ. संगीता, नर्सिग अधीक्षक रतन सोलंकी, रमेश आमेटा, विनोद पटेल, समाजसेवी महेश गोस्वामी, मुकेश शर्मा, कमलेश, जगदीश आदि उपस्थित थे।

#Udaipur #Rajasthan #HiranMagri #HealthcareIndia #HospitalUpgrade #MedicalTechnology #DigitalXray #Laparoscopy #RajasthanNews #UdaipurNews #LocalNews #HealthInfrastructure #SmartHealthcare #MedicalNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News