उदयपुर में तेज रफ्तार ट्रक हादसा, टक्कर के बाद लगी भीषण आग

रणघाटी में NH-58E पर हादसा, ड्राइवर को बचाया गया, पोषाहार से भरा ट्रक जलकर राख, घंटों लगा जाम

 | 
Udaipur Truck Fire: High-Speed Truck Crashes, Catches Fire on NH-58E in Ranghati

उदयपुर 22 अप्रैल 2026 - बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई और देखते ही देखते पूरा ट्रक जलकर राख हो गया।

हादसा उदयपुर-ईडर नेशनल हाईवे 58-ई पर बाघपुरा थाना क्षेत्र के रणघाटी इलाके में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ ही देर बाद केबिन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई, जिसने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ट्रक आग के गोले में बदल गया। हादसे के समय ड्राइवर केबिन में फंस गया था, जिसे वहां से गुजर रहे लोगों ने बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।

घायल ड्राइवर को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के कारण हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। रणघाटी जैसे संकरे और पहाड़ी रास्ते पर आग लगने से दोनों तरफ से आ रहे वाहन रुक गए और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक को रोका गया। साथ ही उदयपुर से फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

घटनास्थल दूर होने के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में करीब एक घंटा लग गया। तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। ट्रक में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सप्लाई किया जाने वाला पोषाहार भरा हुआ था, जो आग में पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल किया।

मामले की जांच की जा रही है कि शॉर्ट सर्किट किस कारण हुआ और कहीं ट्रक के ब्रेक फेल होने से हादसा तो नहीं हुआ।

#UdaipurNews #RajasthanNews #UdaipurAccident #TruckFire #NH58E #RoadAccident #BreakingNews #UdaipurUpdates #RajasthanBreaking #HighwayAccident #FireIncident #AnganwadiSupply #Baghpura #LocalNewsUdaipur #IndiaNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News