उदयपुर में स्टैंड-अप कॉमेडी कार्यक्रम को लेकर विरोध के स्वर तेज

हिंदू संगठनों ने किया विरोध, निगम आयुक्त और प्रशासन के सामने जताया आक्रोश

 | 

उदयपुर 20 नवंबर 2025। उदयपुर नगर निगम में शुक्रवार को प्रस्तावित स्टैंड-अप कॉमेडी कार्यक्रम को लेकर शहर में माहौल गर्माया हुआ है। इस कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन वीरदास के शामिल होने की घोषणा होते ही हिंदू संगठनों ने इसका पुरजोर विरोध शुरू कर दिया। 

विरोध कर रहे संगठनों का आरोप है कि वीर दास ने पहले अपने शो और मंचों पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक और आक्रामक टिप्पणी की थी, जिसे लेकर समाज में आक्रोश है। उसी पृष्ठभूमि में उन्हें उदयपुर में मंच देना सही नहीं माना जा रहा। 

गुरुवार को श्री काली कल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट, मां आशापुरा संगठन, बजरंग सेना मेवाड़, धर्मोत्सव समिति सहित कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में नगर निगम पहुंचे। यहाँ उन्होंने आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और कार्यक्रम को तुरंत रद्द करने की मांग उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी ऐसी गतिविधि की अनुमति नहीं दी जा सकती जो सामाजिक सदभाव को प्रभावित करे। 

निगम परिसर में संगठनों ने नारेबाजी भी की और चेतावनी दी कि यदि निगम प्रशासन कार्यक्रम करवाने पर अड़ा रहता है, तो वह सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। 

संगठनों का कहना है कि उदयपुर धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से संवेदनशील शहर है, और यहां ऐसे आयोजन से अनावश्यक विवाद की स्थिति बन सकती है। प्रदर्शनकारी संगठनों ने स्पष्ट कहा है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो कल कार्यक्रम स्थल पर बड़ा विरोध किया जाएगा।