उदयपुर के घर में खड़ी SUV का चित्तौरगढ़ में कट गया ओवरस्पीड चालान
उदयपुर के बिजनेसमैन ने दिखाए CCTV फुटेज, बोले- गाड़ी पार्किंग में थी फिर भी चित्तौड़गढ़ से आया ₹1000 का ई-चालान
उदयपुर 7अप्रैल 2026 - शहर के एक बिजनेसमैन को उस समय हैरानी हुई जब उनकी गाड़ी का चित्तौड़गढ़ में ओवरस्पीड ड्राइविंग का चालान कटने का मैसेज मिला, जबकि संबंधित गाड़ी उस समय उनके घर की पार्किंग में खड़ी थी।
मॉडर्न कॉम्प्लेक्स निवासी बिजनेसमैन प्रमोद खाब्या ने बताया कि उनके बेटे दिव्य खाब्या के नाम से रजिस्टर्ड एसयूवी नंबर RJ27CR0031 बुधवार रात शादी समारोह से लौटने के बाद घर की पार्किंग में खड़ी कर दी गई थी। गुरुवार सुबह 9:34 बजे उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ट्रैफिक नियम उल्लंघन का मैसेज आया। मैसेज में दिए गए लिंक को खोलने पर पता चला कि गाड़ी का चित्तौड़गढ़ एसपी कार्यालय से एक हजार रुपये का ओवरस्पीड चालान बनाया गया है। चालान में उल्लेख था कि सुबह 8:40 बजे गाड़ी बानसेन से घोसुंडा के बीच ओवरस्पीड में चल रही थी। प्रमोद खाब्या ने बताया कि जब उन्होंने यह मैसेज देखा तो सबसे पहले पार्किंग में जाकर गाड़ी चेक की, जहां वाहन उसी जगह खड़ा मिला।
उन्होंने कहा कि गाड़ी सुबह 11 बजे तक घर से बाहर ही नहीं निकली थी। खाब्या ने यह भी दावा किया कि चालान के साथ भेजी गई फोटो में उनकी गाड़ी दिखाई ही नहीं दे रही है। उन्होंने अपने घर के सीसीटीवी फुटेज भी दिखाए, जिनमें चालान के समय गाड़ी पार्किंग में खड़ी नजर आ रही है।
उन्होंने चिंता जताई कि कहीं उनकी गाड़ी नंबर का गलत इस्तेमाल तो नहीं हो रहा। साथ ही सवाल उठाया कि बिना सही जांच के ऐसे चालान कैसे जारी किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गलत चालान आने की स्थिति में वाहन मालिक 15 दिनों के भीतर शिकायत दर्ज करवा सकता है, जिसके बाद मामले का निस्तारण किया जाता है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और सिस्टम में सुधार की जरूरत है।
#Udaipur #Rajasthan #Chittorgarh #EChallan #TrafficPolice #FakeChallan #UdaipurNews #RajasthanNews #BreakingNews #TrafficViolation #RoadSafety #LocalNews #UdaipurUpdates #RajasthanTraffic #IndiaNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
