केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने श्रम कानूनों के विरोध में रैली निकाली
उदयपुर 26 नवंबर 2025। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने बुधवार को केंद्र द्वारा लागू श्रम कानूनों के विरोध में रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। उदयपुर में भी रैली टाउन हॉल से प्रारंभ हुई, जो कलेक्ट्री पहुंचकर सभा में बदल गई।
प्रदर्शन के दौरान यूनियनों ने मजदूर विरोधी चारों श्रम कोड तुरंत वापस लेने, स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों के अनुसार MSP तय करने और उसकी कानूनी गारंटी लागू करने की मांग उठाई। साथ ही वन अधिकार कानूनों में हो रहे बदलावों को वापस लेने, आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार रोकने, बिजली के स्मार्ट मीटर थोपना बंद करने और मजदूरों की सुरक्षा के साथ रोजगार उपलब्ध करवाने की मांगें रखी गईं।
संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने लंबित मांगों पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें 26 हजार रुपए मासिक न्यूनतम मजदूरी, ठेका व्यवस्था समाप्त करने, 10 हजार रुपए न्यूनतम मासिक पेंशन, ओपीएस बहाल करने, सभी मजदूरों को PF-ESI की गारंटी उपलब्ध कराने और संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण शामिल है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मजदूर, कर्मचारी और यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और रैली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #TradeUnions #LabourProtest #MSPDemand #OPS #WorkersRights #IndianLabourMovement #TownHallUdaipur #UdaipurUpdates
