geetanjali-udaipurtimes

उदयपुर के सवीना खेड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण ध्वस्त

UDA की बड़ी कार्रवाई

 | 

उदयपुर 6 नवंबर 2025। उदयपुर अहमदाबाद हाईवे के बाईपास किनारे सवीना खेड़ा में करोड़ों की सरकारी जमीन पर हुए अवैध निर्माण पर गुरुवार को उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) ने बड़ी कार्रवाई की।

कोटडियां फला क्षेत्र में लगभग 20 बीघा सरकारी भूमि पर कब्जा कर बनाए गए अवैध पक्के निर्माण को ध्वस्त करने के लिए UDA तहसीलदार रणजीत सिंह के नेतृत्व में आठ बुलडोजर लगाए गए।

UDA Action

कार्रवाई के दौरान एक के बाद एक पक्के मकान, निर्माणाधीन इमारतें और करीब 50 अवैध पक्की कोटड़ियां तोड़ी गईं। ये कोटड़ियां कब्जे को वैध दिखाने के लिए बनाई गई थीं। अधिकारियों के अनुसार इस क्षेत्र में अवैध रूप से जमीन बेचने और खरीदने का खेल लंबे समय से चल रहा था।

UDA Action

जानकारी के अनुसार बलीचा चौराहे के पास बलीचा-एकलिंगपुरा मार्ग पर स्थित करीब 20 बीघा सरकारी जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त में भाजपा के कुछ स्थानीय नेताओं के नाम भी सामने आए हैं। आरोप है कि ये लोग सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर 1000-500 रुपए के स्टांप पर एग्रीमेंट दिखाकर सरकारी जमीन को अपने नाम कराने की कोशिश कर रहे थे।

हालांकि कार्रवाई से पहले ही पूरी साजिश का खुलासा हो गया और गुरुवार को UDA यूडीए की टीम ने अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।