उदयपुर में आज 490 स्कूलों में 15-18 आयु वर्ग का वैक्सीनेशन शुरु

जो बच्चे विद्यालय नहीं जाते हैं उनके टीकाकरण हेतु शहर में नियमित सेशन साइट के अलावा 6 जगह वैक्सीनेशन कैंप लगे हैं...

 | 
under 18 vaccination in udaipur begins

राजस्थान सहित पूरे देश में सोमवार से 15 से 18 साल तक के एज ग्रुप के किशोरों का वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। इसके चलते उदयपुर ज़िला प्रशासन की ओर से भी आज से 15-18 आयु वर्ग का वैक्सीनेशन शुरू हुआ। बच्चों पर कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए भारत बायोटेक द्वारा निर्मित COVAXIN को हेल्थ डिपार्टमेंट से अनुमोदन मिला है। उदयपुर CMHO ने बताया कि ज़िले में 15-18 उम्र के करीब 2 लाख 15 हज़ार बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।

"हमारा टारगेट जल्द से जल्द इस एज ग्रुप को वैक्सीनेट करने का है। जिन बच्चों के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड या स्कूल का आईडी कार्ड नहीं है, वे अपने माता-पिता, भाई-बहन के आईडी कार्ड से रजिस्ट्रेशन करवाकर वैक्सीन लगवा सकेंगे। बच्चे ऑन स्पाट ही अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। जिले में कुल 514 सेशन साइट बनाई गई है जिसमें हर ब्लाक के प्रत्येक सेक्टर से कम से कम 2 विद्यालयों का चयन किया गया है।" - डॉ दिनेश खराडी, CMHO, उदयपुर

इसके अलावा जो बच्चे विद्यालय नहीं जाते हैं उनके टीकाकरण हेतु शहर में नियमित सेशन साइट के अलावा 6 जगह - सहस्त्र औदीच्य समाज छोटी ब्रह्मपुरी, संत निरंकारी भवन चित्रकूट नगर, अटल सभागार, एग्रो ट्रेड कृषि मंडी, बीएन कॉलेज एवं टाउन हॉल पर विशेष टीकाकारण साइट बनाई गई है, जहां पर इस आयु वर्ग के बच्चे वैध आईडी प्रूफ के साथ टीकाकरण करवा सकेंगे।

CMHO डॉ दिनेश खराड़ी ने बताया कि  उदयपुर ज़िले में आज 15-18 उम्र के बच्चों के लिए कोविड वैक्सीनेशन का ज़िला कलेक्टर चेतन देवड़ा द्वारा शुभांरभ किया गया।  उदयपुर में आज राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक रेजीडेंसी स्कूल से शुरुआत की गई। बच्चों में वैक्सीनेशन को लेकर उत्साह दिखाई दिया। बच्चों का वैक्सीनेशन करने से वह तो कोरोना महामारी से सुरक्षित रहेंगे साथ ही इनके माध्यम से घर के बुजुर्ग और माता-पिता को भी संक्रमण का खतरा नहीं होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News