उदयपुर मे विश्वास मेहता की पुस्तक सैंड्स टू शोर्स का विधान सभा अध्यक्ष देवनानी ने किया विमोचन

 | 
Vishwas Mehta Book release

 

Udaipur Times, Udaipur News: साक्षर नहीं, शिक्षित नागरिकों से विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। शिक्षा के माध्यम से मिले नैतिक, सामाजिक मूल्यों से ही शासन, प्रशासन में श्रेष्ठता सुनिश्चित होती है और एक सक्षम राष्ट्र का निर्माण होता है। यह विचार विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विद्या भवन ऑडिटोरियम में आयोजित एजुकेशन टू एडमिनिस्ट्रेशन विषयक संवाद में व्यक्त किए। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने डूंगरपुर मूल के निवासी, केरल के पूर्व मुख्य सचिव विश्वास मेहता की पुस्तक सैंड्स टू शोर्स का विमोचन किया।

प्रो. देवनानी ने कहा कि डॉ. विश्वास मेहता की पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि मेहता ने जिस तरह अपने ज्ञान, मेहनत, ध्येय निष्ठा और प्रशासनिक दक्षता से केरलम में सांस्कृतिक एकीकरण और विवेकपूर्ण रूपांतरण किया है, वह नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है।

पुस्तक के लेखक डॉ. विश्वास मेहता ने ‘सैंड्स टू शोर्स’ को अपनी जन्मभूमि से कर्मभूमि की यात्रा बताया। उन्होंने भावुक शब्दों में अपने माता पिता, दादा दादी का उल्लेख किया जिन्होंने विषम आर्थिक, पारिवारिक कठिनाइयों में भी शिक्षा को सर्वाेपरि रखा और इसी कारण वे आईएएस के टॉपर्स में आ सके।

इस मौके पर विशिष्ट अतिथि एमडीएस विश्वविद्यालय, अजमेर के पूर्व कुलपति एवं राज्यपाल के उच्च शिक्षा सलाहकार प्रो. कैलाश सोडाणी ने भारत को आत्मनिर्भर बनने की ताकत केवल शिक्षा को बताते हुए कहा कि वर्तमान के डिजिटल वर्ल्ड का मुकाबला करना है तो हमारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना होगा। उन्होंने अनुभव आधारित शिक्षा और प्रायोगिक ज्ञान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि श्रेष्ठ पुस्तकालयों तथा श्रेष्ठ प्रयोगशालाओं से ही विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।

विद्या भवन सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार तायलिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्या भवन की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। तायलिया ने कहा कि शताब्दी वर्ष की तरफ बढ़ रहे विद्याभवन में इंटरनेशनल स्कूल, स्पोर्ट्स एकेडमी जैसे आधुनिक, विश्वस्तरीय प्रकल्प शिक्षा से सामाजिक परिवर्तन के विद्या भवन के मूल उद्देश्य व बदलते विश्व की आवश्यकताओं के अनुरूप है। कार्यक्रम में  उद्योगपति अरविंद सिंघल भी विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

संवाद कार्यक्रम का समापन विद्याभवन के सीईओ, सेवा निवृत आईएएस राजेंद्र भट्ट के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

समारोह में विद्या भवन रूरल इंस्टीट्यूट के विद्यार्थी महेश कुमार को कनाडा में कॉमनवेल्थ गेम में गोल्ड मेडल जीतने पर सम्मानित किया गया। उन्हें वाल्केम इंडस्ट्रीज के एमडी अरविंद सिंघल एवं विद्या भवन सोसायटी की ओर से 21-21 हजार रुपये का चैक भेंट किया गया। वहीं पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र से जुड़े दीपक दीक्षित को तीसरे वर्ल्ड रिकॉर्ड पर सम्मानित किया गया। संवाद कार्यक्रम का संचालन विद्या भवन रूरल इंस्टीट्यूट की निदेशक डॉ. कनिका शर्मा ने किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News