NH-27 पर डंपर की चपेट में आने से महिला की मौत
उदयपुर के बड़गांव क्षेत्र में बस का इंतजार कर रही 56 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार डंपर ने कुचला, चालक वाहन छोड़कर फरार
Udaipur Times News, Road Accident News,उदयपुर 15 जून 2026 - नेशनल हाईवे-27 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
हादसा सोमवार शाम करीब 4 बजे बड़गांव थाना क्षेत्र की बराड़िया चौकी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट हुआ। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान टमूड़ी बाई पत्नी स्वर्गीय नवल सिंह राजपूत निवासी पड़ावली कला, गोगुंदा के रूप में हुई है। वह पिछले चार दिनों से शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी भतीजी की देखभाल कर रही थीं और सोमवार को घर लौटने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टमूड़ी बाई पेट्रोल पंप के पास खड़ी होकर गोगुंदा जाने वाली बस का इंतजार कर रही थीं। Road Accident
इसी दौरान उदयपुर की ओर से तेज गति से आ रहा एक डंपर पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ा और उसका अगला पहिया महिला के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। Udaipur News
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
#Udaipur#UdaipurNews#UdaipurBreakingNews#RajasthanNews#Badgaon#Gogunda#NH27#RoadAccident#BaradiyaChowki#CrimeNews#LocalNews#IndiaNews#BreakingNews#HighwayAccident#RoadSafety
