उदयपुर: फतहसागर मे छलांग लगाने वाली युवती की बचाई जान

 | 
girl jumped into Fatahsagar

 

 

Udaipur Times, Udaipur News: शहर में शुक्रवार शाम एक युवती ने कथित तौर पर खुदकुशी के इरादे से झील में छलांग लगा दी। घटना सर्किट हाउस गेट के पास नेहरू गार्डन की पुरानी जेटी पर शाम करीब 7:30 बजे हुई। युवती के झील में कूदने के बाद वहां मौजूद चार दोस्तों ने हिम्मत दिखाई। इनमें से एक युवक ने तुरंत पानी में छलांग लगाकर युवती को पकड़ लिया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, युवती डिप्रेशन में बताई जा रही है। वह घर से सुसाइड नोट लिखकर झील पहुंची थी। जेटी पर पहुंचने के बाद वह कुछ देर किनारे पर रुकी और फिर अचानक झील में छलांग लगा दी।

Fatahsagar
यही है वह चार दोस्त जिसने युवती की बचाई जान

युवती के झील में कूदते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। करीब 30 सेकेंड के भीतर वहां मौजूद चार दोस्तों में से एक युवक ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। उसने युवती को पकड़ लिया और अन्य लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती को सुरक्षित निकालने के बाद उसे थाने ले जाकर मामले की जानकारी जुटाई।

प्रत्यक्षदर्शी डॉ. नरेंद्र सिंह देवल ने बताया कि वह अपने चार दोस्तों तहसीलदार रणजीत सिंह बिट्टू, बजरंग सिंह कविया, श्याम प्रताप सिंह और दीनबंधु आसिया के साथ झील किनारे कॉफी पीने गए थे।

डॉ. नरेंद्र सिंह देवल ने बताया, "हम सभी दोस्त झील किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी एक युवती वहां पहुंची। वह कुछ मिनट तक झील के किनारे रुकी और इसके बाद अचानक सीधे झील में कूद गई।"

घटना के बाद युवती को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News