Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर का पलाना कला ग्राम पंचायत के लिए धनतेरस का दिन विशेष सौगात लेकर आया।
न्यू नवद्वीप धाम, टेक्सास (अमेरिका) के संस्थापक एवं एनआरआई सर्वजय माधव प्रभु (संजय सिंघानिया) ने पलाना कला गांव को गोद लेकर इसे आदर्श एवं आत्मनिर्भर मॉडल गांव के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर गांव की धरती पर उनका ग्रामीणों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। वरिष्ठ समाजसेवी चुन्नीलाल जैन ने मेवाड़ी पगड़ी एवं उपरना पहनाकर प्रभु का अभिनंदन किया।
गांव के समग्र विकास पर होगा काम
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने गांव की प्रमुख समस्याओं एवं विकास की जरूरतों पर चर्चा की। इसमें गौशाला निर्माण, प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाने, युवाओं के लिए रोजगार एवं खेल सुविधाओं का विस्तार तथा महिलाओं के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषय रखे गए।
गौ-रक्षा, कृषि और आध्यात्मिक शिक्षा बनेगी विकास का आधार
सर्वजय माधव प्रभु ने कहा कि पलाना कलां को आदर्श गांव बनाने के लिए गौ-रक्षा, कृषि, आध्यात्मिक शिक्षा, आत्मनिर्भर ग्राम व्यवस्था और गुरुकुल व्यवस्था के विकास में हरसंभव योगदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद के दिव्य दृष्टिकोण के अनुरूप सादा जीवन-उच्च विचार, गौ-रक्षा, कृषि आधारित आत्मनिर्भरता, प्राकृतिक खेती, ग्रामीण समुदायों का विकास, व्यावहारिक कौशल शिक्षा और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
धनतेरस पर के अवसर पर कार्यारंभ
शुभ धनतेरस के अवसर पर गांव के आराध्य प्रभु चारभुजानाथ कृष्णजी के मंदिर में इस अभियान का शुभारंभ किया गया। युवाओं के सहयोग और माताओं-बहनों के समर्थन से गांव के विकास के लिए सर्वे कार्य एवं विस्तृत कार्ययोजना बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई।