उदयपुर नगर निगम चुनाव: वार्ड 3 के संभावित भाजपा प्रत्याशी के विरोध में कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

 | 
UMC

Udaipur Times, UMC Election 2026: उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को उदयपुर कलेक्ट्रेट परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा। भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है, लेकिन कई दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया। वहीं भाजपा कार्यालय के बाहर वार्ड नंबर 3 के संभावित प्रत्याशी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।

भाजपा कार्यालय के बाहर जुटे कार्यकर्ताओं ने वार्ड नंबर 3 से संभावित प्रत्याशी को लेकर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रत्याशी बाहरी है और पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर पैराशूट प्रत्याशी को मैदान में उतारा जा रहा है।

कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी स्थिति में बाहरी प्रत्याशी का समर्थन नहीं करेंगे। सूत्रों के अनुसार, वार्ड नंबर 3 से भाजपा के संभावित उम्मीदवार गिरीश श्रीमाली के नाम को लेकर यह विरोध सामने आया।

इन प्रमुख नामों ने दाखिल किए नामांकन

नामांकन के दूसरे दिन भाजपा की ओर से पूर्व डिप्टी मेयर और भाजपा नेता महेंद्र सिंह शेखावत ने वार्ड नंबर 75 से नामांकन दाखिल किया। अन्य प्रमुख नामों में वार्ड 33 से जतिन श्रीमाली, वार्ड 47 से लता नायक, वार्ड 44 से आशीष कोठारी

कांग्रेस की ओर से वार्ड 60 से प्रेमलता पालीवाल,,वार्ड 75 से तुलसीराम लौहार

माकपा की ओर से वार्ड 32 से राजेश वसीटा,,वार्ड 31 से मुस्कान राही

नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। नामांकन दाखिल करने आने वाले प्रत्याशियों के साथ पहुंचे समर्थकों को कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर ही रोक दिया गया। केवल आवश्यक प्रक्रिया के लिए आने वाले लोगों को ही अंदर प्रवेश दिया गया

सुरक्षा व्यवस्था के तहत कोर्ट चौराहे और देहलीगेट से कलेक्ट्रेट की ओर आने वाले मार्गों पर वन-वे व्यवस्था की गई है। कलेक्ट्रेट की तरफ जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग भी की गई।

कलेक्ट्रेट परिसर में कई दावेदार नामांकन पत्र लेने पहुंचे, जबकि कुछ उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन को लेकर भाजपा और कांग्रेस की आधिकारिक सूची जारी होने से पहले ही दोनों दलों में दावेदारों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News