पर्यावरण दिवस पर उदयपुर नगर निगम परिसर में प्लास्टिक मुक्त शहर का संकल्प
Udaipur Times, Udaipur Local News: 6 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम उदयपुर द्वारा शुक्रवार को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निगम परिसर में आयोजित समारोह में वेस्ट प्लास्टिक संग्रहण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेक्टर प्रभारियों का सम्मान किया गया तथा नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्लास्टिक उपयोग कम करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में शहर विधायक ताराचंद जैन, स्वच्छ भारत मिशन राजस्थान सरकार के ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता, पर्यावरणविद् दिनेश कोठारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कचरे से प्लास्टिक को पृथक कर उसका संग्रहण किया जा रहा है तथा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि निगम की टीमों द्वारा दुकानों एवं ट्रांसपोर्ट कार्यालयों पर निरीक्षण कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई है। यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से प्लास्टिक के उपयोग से बचने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। आयुक्त के अनुसार निगम द्वारा आयाेजित कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ, हरित एवं प्लास्टिक मुक्त उदयपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
आयुक्त खन्ना ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शहर में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत बड़े आकार के पौधे लगाए जाएंगे तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्री-गार्ड भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि हरित आवरण में स्थायी वृद्धि हो सके।
अभियान के तहत सेक्टर 4, 5, 8 एवं 9 में स्थित मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, हरियाली संवर्धन तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति नागरिकों को जागरूक किया गया।
फतेहसागर पाल पर निकली जागरूकता रैली, तीज का चौक ने किया जनजागरण
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि इसी क्रम में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत प्रातःकाल फतहसागर पाल पर झीलों, तालाबों एवं पारंपरिक जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से रैली एवं जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं तीजा चौक सब्जी मंडी क्षेत्र में व्यापारियों एवं आमजन के बीच सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के संबंध में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा सभी सेक्टर ऑफिसर जमादार एवं शास्त्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
