केंद्रीय बजट 2026 पर उदयपुर वासियो की प्रतिक्रिया

बजट पर मिली जुली प्रतक्रिया 
 | 

उदयपुर 2 फ़रवरी 2026 । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत कल संसंद में केंद्रीय बजट 2026 प्रस्तुत किया गया जिस पर विभिन संगठनों और शहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की मिली जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई है।  

सरकार का बजट रिफार्म एक्सप्रेस है, जो हर वर्ग को तेजी से आगे लेकर जाएगा :  सांसद डॉ. मन्नालाल रावत

उदयपुर सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश में जितने भी सुधार के काम है उसको आगे बढाता है, यह एक रिफॉर्म एक्सप्रेस है जो हर वर्ग को बहुत तेजी से आगे बढाने वाली ट्रेन है। 

सांसद डॉ रावत ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना को सशक्त रूप से साकार करने वाला है। यह बजट महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, व्यापारियों एवं उद्योग जगत को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ आमजन को राहत प्रदान करने वाला सिद्ध होगा। यह बजट न केवल आर्थिक दस्तावेज है, बल्कि एक सशक्त, समृद्ध और समावेशी भारत का रोडमैप है।

उदयपुर ज़िला कांग्रेस की बजट पर प्रतिक्रिया।

बजट पर उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार का आम बजट हर बार की तरह निराशावादी रहा है। बजट को देखकर लगता है कि मोदी सरकार के पास देश के लिए कोई विजन नहीं है, कोई राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं है। आम बजट में देश की आर्थिक, समाजिक, राजनीतिक चुनौतियां का एक भी समाधान नहीं है। युवाओं के रोजगार के लिए कोई ठोस योजना नहीं दी। गरीब आ मिडिल क्लास के लिए महंगाई में कोई राहत नहीं दी गई है। आम लोगों की बचत कम हो रही है। सिर्फ वादे दोहराए जा रहे है। 

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया कोर्डिनेटर डॉ संजीव राजपुरोहित ने केंद्र सरकार के बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कहने को राजस्थान की जनता से डबल इंजन की सरकार बनाने के नाम पर वोट लिए लेकिन देश के बजट में तो केंद्र सरकार ने राजस्थान सरकार के इंजन को ईंधन ही नहीं दिया। यह बजट गरीबों, युवाओं के हित में नहीं है। महंगाई कैसे कम होगी?, रोजगार कैसे पैदा होंगे?, इसका कोई उल्लेख नहीं किया गया है। कुल मिलाकर डबल इंजन के बावजूद यह बजट राजस्थान के लिए ऊंची दुकान फीका पकवान साबित हुआ है। और देश के लिए भी यह आम बजट बेहद निराशाजनक है।

युवा शक्ति, महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत की मजबूत नींव-सांसद महिमा कुमारी मेवाड़

राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे “युवा शक्ति, महिला आत्मनिर्भरता, किसान कल्याण और आर्थिक सुदृढ़ता को समर्पित बजट” बताया है। उन्होंने कहा कि लगभग 53 लाख करोड़ रुपये के इस बजट में शिक्षा, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता को प्राथमिकता दी गई है, जिससे देश के युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। महिला SHG मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल की गई है। उन्होंने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को मजबूत करता है और भारत को आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

बजट में केवल आंकड़ों और खोखली घोषणा-पंकज शर्मा 

केंद्रीय बजट पूरी तरह से निराशाजनक, जनविरोधी और ज़मीनी हकीकत से कटे हुए वादों का दस्तावेज़ है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि इस बजट में किसान, युवा, महिला, दलित, आदिवासी, मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग के लिए कोई ठोस राहत नहीं दी गई है। बढ़ती महंगाई, बेरोज़गारी और लगातार गिरती क्रय शक्ति जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार ने आंखें मूंद ली हैं। बजट में केवल आंकड़ों और खोखली घोषणाओं के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया है।

संतुलित विकास और मजबूत वित्तीय प्रबंधन-विधायक MLA विश्वराज सिंह मेवाड़

केंद्रीय बजट 2026–27 पर प्रतिक्रिया देते हुए नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को स्थिर और सुदृढ़ करने वाला है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा राजकोषीय घाटे को GDP के 4.4% से घटाकर 4.3% करने का लक्ष्य वित्तीय अनुशासन और जिम्मेदार आर्थिक प्रबंधन को दर्शाता है। बजट में परिवहन, रक्षा, ग्रामीण विकास, गृह, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में संतुलित आवंटन किया गया है, जिससे समग्र विकास को गति मिलेगी। विधायक मेवाड़ ने इस बजट को एक संतुलित, दूरदर्शी और राष्ट्रहित में तैयार बजट बताया ।

उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की प्रतिक्रिया

उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का मानना है कि केंद्रीय वित्तमंत्री श्रीमति निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया गया यह बजट सन्तुलित विकास, आर्थिक स्थिरता, औद्योगिक प्रोत्साहन एवं रोजगार सृजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट भारत को विकसित अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे ले जाने वाला है। UCCI केंद्र सरकार के इन प्रयासों का स्वागत करती है और आशा करती है कि यह बजट देश के साथ-साथ राजस्थान एवं उदयपुर क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।

बजट में व्यापारियों और उद्योगों को मिली राहत : FORTI 

फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (FORTI) के राजस्थान ब्रांचेज चेयरमैन प्रवीण सुथार ने बताया कि केंद्र सरकार के बजट में व्यापारियों, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के हितों को प्राथमिकता दी गई है। MSME सेक्टर के लिए आसान ऋण, क्रेडिट गारंटी और वित्तीय सहयोग के प्रावधान किए गए हैं, जिससे छोटे व्यापारियों और उद्योगों को कार्यशील पूंजी की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग पर बढ़े हुए पूंजीगत व्यय से उद्योगों में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। डिजिटल व्यापार, लॉजिस्टिक्स, स्टार्टअप और तकनीकी क्षेत्रों को बढ़ावा देने से व्यापार करने की लागत कम होगी और प्रक्रियाएं सरल होंगी। 

युवा शक्ति पर आधारित बजट- वरिष्ठ सीए निर्मल सिंघवी

वरिष्ठ सीए निर्मल सिंघवी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट देश को विकासशील से विकसित भारत के दृष्टिकोण के साथ युवा, गरीब, महिला और किसानों के समावेशी विकास पर केंद्रित रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, और विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए तीन प्रमुख सुधारों के माध्यम से आर्थिक विकास की गति को तेज की घोषणा की है, जो स्वागत योग्य है।  

साथ ही सिंघवी ने बताया कि मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण द्वारा किसी व्यक्ति को दिए गए मुआवजे की राशि पर ब्याज के संबंध में स्रोत पर कोई कर कटौती नहीं की जाएगी।  कर कटौती एवं संग्रह खाता संख्या प्राप्त करने की आवश्यकता से छूट निवासी व्यक्ति या अविभाजित परिवार (HUF) को छूट दी गई है, जहां अचल संपत्ति का विक्रेता अनिवासी है। कर विवरणी जमा करवाने की तारीख अलग अलग करदाताओ के अनुरूप विभाजित करने से विवरणी जमा करवाने में सुगमता आयेगी एवं विवरणी प्रोसेस करने में तीव्रता रहेगी, जो की एक स्वागत योग्य कदम है।

देश की आर्थिक नींव को मजबूत बनाने वाले प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यानःसीए यश कुणावत

कर सलाहकार और सीए यश कुनावत ने बताया कि केंद्रीय बजट 2026 का मुख्य संदेश ’“जो छोटा है, उसे मजबूत बनाना”’ रहा है। इस वर्ष सरकार ने देश की आर्थिक नींव को मजबूत बनाने वाले प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है। बजट में एमएसएमई को सशक्त करने, फार्मा सेक्टर को गति देने, और इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार खासतौर पर टियर-2 और टियर-3 शहरों में के लिए एक स्पष्ट और दूरदर्शी रणनीति पेश की गई है।

फ्यूचर एंड ऑप्शन ट्रेडिंग पर सख्ती, विदेशी संपत्ति खुलासे का मौका‘सीए पल्लवी मेहता

सीए पल्लवी मेहता ने केन्द्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि केंद्रीय बजट 2026 में फ्यूचर एंड ऑप्शंस ट्रेडिंग पर लगने वाला सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स बढ़ा दिया गया है। सरकार का मानना है कि हाल के वर्षों मेंफ्यूचर एंड ऑप्शंस सेगमेंट में अत्यधिक और असंतुलित ट्रेडिंग बढ़ी है। जिसमें बड़ी संख्या में छोटे निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

एसटीटी बढ़ाने का उद्देश्य अत्यधिक सट्टा ट्रेडिंग को हतोत्साहित करना और निवेशकों को जोखिम के प्रति सतर्क करना है। बजट में ऑप्शंस और फ्यूचर्स दोनों पर एसटीटी दरों में वृद्धि की गई है, जिससे हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग महंगी होगी। वहीं दूसरी ओर सरकार ने टैक्स कंप्लायंस को बढ़ावा देने के लिए विदेशी संपत्ति और विदेशी आय के खुलासे हेतु 6 महीने की विशेष अमनेस्टी स्कीम की घोषणा की है। इस स्कीम के तहत करदाता बिना कड़े दंड के अपनी अघोषित विदेशी संपत्ति का खुलासा कर सकेंगे। सरकार का उद्देश्य टैक्स बेस को बढ़ाना और स्वैच्छिक अनुपालन को प्रोत्साहित करना है। कुल मिलाकर बजट में एक ओर जोखिम भरी ट्रेडिंग पर नियंत्रण,तो दूसरी ओर पारदर्शिता और टैक्स कंप्लायंस को बढ़ावा देने का स्पष्ट संकेत दिया गया है।

#UnionBudget2026 #UdaipurNews #RajasthanNews #BudgetReaction #IndianEconomy #UdaipurPolitics #MSMEBudget #Budget2026India #UdaipurUpdates #RajasthanBudget

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal