उदयपुर मे निजी अस्पताल मे इलाज के दौरान मौत पर हंगामा

 | 
Death in private hospital

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के एक निजी अस्पताल में इलाजरत 40 वर्षीय मरीज की इलाज के दौरान मौत हो जाने पर उसके घर वालों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर हंगामा कर दिया।

मृतक 40 वर्षीय अभय सिंह चौहान निवासी सियाणा राजसमंद को दो दिन पहले सीने में दर्द होने के शिकायत के बाद इलाज के लिए पहले राजसमंद के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था जहां से उसे उदयपुर एमबी चिकित्सालय में रेफर कर दिया गया।  

लेकिन राजसमंद से उदयपुर आते वक्त रास्ते में एक प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में परिजनों उसे लेकर पहुंचे जहां एक दिन तक उसका इलाज किया गया।  

दूसरे दिन उसके परिजनों के मुताबिक मृतक अभय सिंह बिल्कुल ठीक-ठाक थे लेकिन डॉक्टर ने उनके परिजनों को बताया कि उनके हृदय में तीन स्टंट डाले जाएंगे और इसे लेकर दोपहर करीब 3:00 बजे वह उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले गए और परिवार जनों का आरोप है कि उसके बाद वह जीवित बाहर नहीं आए।

मृतक के परिजन नारायण सिंह चौहान ने बताया कि मृतक पेशे से किसान थे वह तीन बच्चों के पिता थे और घर में कमाने वाले अकेले थे जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया उसके बाद उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक थी लेकिन जब डॉक्टर उन्हें ऑपरेशन थिएटर में लेकर गए उसके बाद पता नहीं उनके साथ क्या हुआ कि अचानक से उनकी मौत हो गई।  

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इलाज में लापरवाही बर्ती गई जिसके चलते अभय सिंह की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर राजसमंद से मृतक के परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर इकट्ठा हो गए और उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मृतक के परिवार जनों के लिए मुआवजे की मांग की।

जानकारी मिलने पर संबंधित थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गए और मामले को शांत करने के प्रयास किए गए। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच में समझाइश की वार्ता जारी थी वहीं अस्पताल प्रशासन से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पा रही है।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News