रेलवे स्टेशन के सामने करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन अतिक्रमण मुक्त

रेलवे स्टेशन के सामने करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन को किया अतिक्रमण मुक्त।

 | 
Anti Encroachment Drive

महापौर के निर्देश पर भारी पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में ध्वस्त किए कच्चे-पक्के निर्माण

 

 

Udaipur Times News, Udaipur Municipal Corporation, उदयपुर 19 नवंबर 2026 । नगर निगम द्वारा शहर में निगम स्वामित्व की जमीनों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को रेलवे स्टेशन के सामने स्थित करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने भारी पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर कच्चे एवं पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर जमीन को अपने कब्जे में लिया।
निगम महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि रेलवे स्टेशन के सामने स्थित बड़े भूखंड पर लंबे समय से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध कब्जा कर विभिन्न प्रकार के कच्चे एवं पक्के निर्माण किए हुए थे। Udaipur News 

नगर निगम द्वारा पूर्व में भी मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी कब्जाधारकों को अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे इसके बावजूद संबंधित कब्जाधारियों ने निर्देशों की पालना नहीं की और अवैध कब्जे यथावत बनाए रखे गए। इस पर महापौर पारस सिंघवी ने निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कर बेशकीमती भूखण्ड को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए। Encroachments Removed 

निर्देशों की पालना में निगम की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की। कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी मशीनों एवं डंपर की सहायता से मौके पर किए गए सभी अवैध कच्चे एवं पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर हाथों हाथ मलबा हटाया गया। गुरुवर को हुई इस कार्रवाई से निगम की करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन अवैध कब्जे से मुक्त हुई है।

भारी पुलिस बल के साथ अतिक्रमण शाखा की टीम रही उपस्थित। Anti Encroachment Drive 
कार्रवाई के दौरान निगम के राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन एवं राहुल मीना की टीम के साथ पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी के नेतृत्व में भारी पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। निगम की टीम ने व्यवस्थित रूप से कार्रवाई करते हुए पूरे भूखंड को अतिक्रमण मुक्त करवाया।
लगातार जारी रहेगी कार्यवाही, अपने स्तर पर हटाए अतिक्रमण।

महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की स्वामित्व वाली जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम की संपत्तियां शहर की सार्वजनिक संपत्ति हैं और इन पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कब्जाधारकों को स्पष्ट कहा कि जिन लोगों ने नगर निगम की जमीनों पर अवैध कब्जे कर रखे हैं, वे स्वयं अपने स्तर पर तत्काल अतिक्रमण हटा लें।

अन्यथा नगर निगम द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के औचक कार्रवाई कर कब्जे हटाए जाएंगे। ऐसी कार्रवाई में होने वाले नुकसान की समस्त जिम्मेदारी भी संबंधित कब्जाधारक की स्वयं की होगी। महापौर ने कहा कि शहर में निगम की जमीनों को सुरक्षित रखने, सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा शहर के सुव्यवस्थित विकास के लिए नगर निगम का अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध कब्जों के खिलाफ निगम प्रशासन किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा और आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News