लोक कला मंडल मे पद्मश्री देवीलाल सामर की पुण्यतिथि पर 3 दिसंबर को होंगे विविध आयोजन

 | 
lok kala mandal

 

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर स्थित भारतीय लोक कला मण्डल के संस्थापक एवं संचालक, राजस्थान की लोक कला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले पद्मश्री स्व. देवीलाल सामर की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार, 3 दिसम्बर 2026 को विभिन्न श्रद्धांजलि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

भारतीय लोक कला मण्डल के निदेशक डॉ. लईक हुसैन ने बताया कि इस अवसर पर प्रातः 10:15 बजे संस्था परिसर में स्थित पद्मश्री देवीलाल सामर की आदमकद प्रतिमा पर एवं अशोक नगर स्थित समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके पश्चात् संस्था के गोविन्द कठपुतली प्रेक्षालय में पद्श्री देवीलाल सामर जी समर्पित भजन की प्रस्तुतिया होगी। जिसमें भजनों के माध्यम से सामर साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में सायं 06 :15 बजे से भारतीय लोक कला मण्डल के कलाकारों द्वारा सुप्रसिद्ध साहित्यकार रवीन्द्रनाथ टैगोर की कालजयी कहानी पर आधारित कठपुतली नाटिका ‘काबुलीवाला’ का मंचन किया जाएगा।

इस अवसर पर भारतीय लोक कला मण्डल के निदेशक ने शहर के समस्त गणमान्य नागरिकों, कला-संस्कृति प्रेमियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, युवाओं एवं आमजन से विशेष आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोक कला के महान साधक पद्मश्री देवीलाल सामर को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें। साथ ही, सायंकाल आयोजित कठपुतली नाटिका ‘काबुलीवाला’ के मंचन में अपने परिवार एवं मित्रों सहित सहभागिता कर इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाएं। कार्यक्रम में आमजन का प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News