स्वदेशी व्यापारी मंच की नेशनल गवर्निंग काउंसिल में पहली महिला सदस्य बनीं उदयपुर की विजयलक्ष्मी गलूंडिया

 | 
Vijaylakshmi Galundia

 

Udaipur Times, Udaipur News: स्वदेशी जागरण मंच के अंतर्गत संचालित स्वदेशी व्यापारी मंच की नेशनल गवर्निंग काउंसिल में उदयपुर की प्रमुख समाजसेवी एवं महिला उद्यमिता की सशक्त आवाज़ विजयलक्ष्मी गलूंडिया को प्रथम महिला सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। यह नियुक्ति न केवल उदयपुर बल्कि राजस्थान की महिलाओं के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

विजयलक्ष्मी गलूंडिया का मनोनयन स्वदेशी जागरण मंच के प्रमुख मार्गदर्शक किशोरी लाल, स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह संयोजक सतीश पालीवाल एवं स्वदेशी व्यापारी मंच के राष्ट्रीय संयोजक बी.सी. भरतीया के मार्गदर्शन एवं सहमति से किया गया।

इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के माध्यम से विजयलक्ष्मी गलूंडिया राष्ट्रीय स्तर पर स्वदेशी व्यापारी मंच के प्रचार-प्रसार, संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा देशभर के व्यापारियों को एक मंच पर जोडऩे में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। विशेष रूप से महिला व्यापारियों एवं महिला उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें संगठन से जोडऩे और उनके व्यापार को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी कार्य करेंगी।

स्वदेशी जागरण मंच की स्थापना 22 नवंबर 1991 को हुई थी। यह संगठन स्वदेशी विचारधारा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, भारतीय उत्पादों के प्रोत्साहन, देश की आर्थिक मजबूती तथा स्थानीय उद्योगों एवं व्यापार को सशक्त बनाने के लिए कार्य करता है। इसका मूल विचार भारत को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और स्वदेशी को जन-जन तक पहुंचाना है।

स्वदेशी व्यापारी मंच की भूमिका

स्वदेशी व्यापारी मंच, स्वदेशी जागरण मंच के मार्गदर्शन में व्यापारियों को एकजुट करने वाला राष्ट्रीय स्तर का मंच है। इसका प्रमुख उद्देश्य देश के व्यापारियों, छोटे एवं बड़े उद्यमियों, दुकानदारों को एक साझा मंच प्रदान करना, उनके हितों की आवाज बुलंद करना, स्थानीय व्यापार को संरक्षण देना तथा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग एवं प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है।

विजयलक्ष्मी गलूंडिया लंबे समय से सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण, व्यापारिक संगठनों एवं महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं तथा कैट की राष्ट्रीय सह सचिव, कैट वूमेन विंग की राष्ट्रीय संयोजिका तथा कैट वूमेन विंग उदयपुर की अध्यक्ष  के रूप में भी वे महिला व्यापारियों को संगठित करने, उन्हें व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के अभियान वोकल फॉर लोकल को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

उन्होंने कहा कि यह मनोनयन उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि देश के स्वदेशी आंदोलन, व्यापारियों के हितों और महिला शक्ति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण दायित्व है। उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक व्यापारी स्वदेशी व्यापारी मंच से जुड़ें, भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस उपलब्धि से उदयपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News