2 महीने बाद जेल से रिहा हुए विक्रम भट्ट, बोले– सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं
30 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले में ढाई महीने जेल में रहने के बाद रिहा हुए निर्देशक, कहा– कानून और सत्य पर है पूरा भरोसा
उदयपुर 20 फरवरी 2026 - बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट 2 महीने 11 दिन बाद उदयपुर सेंट्रल जेल से रिहा हो गए। जेल से बाहर निकलते ही उन्होंने सबसे पहले परिसर में स्थित भगवान शिव के दर्शन किए। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने करीब ढाई महीने उदयपुर की जेल में बिताए और उन्हें यकीन था कि सच्चाई जरूर सामने आएगी। उन्होंने कहा कि जेल में उनका एक दोस्त बना, जिसने उन्हें मेवाड़ की मिट्टी की तासीर के बारे में बताया। यह मेवाड़ है, जहां सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि वह मेवाड़ का टीका लगाकर जा रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि सत्य की जीत होगी।
विक्रम भट्ट ने कहा कि वह भगवान कृष्ण के भक्त हैं। उन्होंने कहा कि वह वहीं रहे जहां श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था और अब वह पहले से बेहतर और दो गुना मजबूत इंसान बनकर बाहर निकले हैं।
उन्होंने कहा कि देश के कानून पर उन्हें पूरा भरोसा है। फिल्म बनाने के नाम पर 30 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में विक्रम भट्ट को 7 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में 19 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट से उन्हें और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को नियमित जमानत मिली। श्वेतांबरी भट्ट 13 फरवरी को अंतरिम जमानत पर रिहा हो चुकी थीं। उदयपुर पुलिस की टीम ने 7 दिसंबर को मुंबई पहुंचकर विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी को जुहू स्थित गंगाभवन कॉम्प्लेक्स के फ्लैट से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान सुरक्षा गार्डों ने पहले पुलिस को रोकने की कोशिश की और कहा कि दोनों घर पर नहीं हैं, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया। राजस्थान के इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया ने 17 नवंबर को उदयपुर में विक्रम भट्ट सहित 8 लोगों के खिलाफ 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था।
आरोप है कि एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात दिनेश कटारिया से हुई, जिसने उनकी पत्नी की बायोपिक बनाने का प्रस्ताव दिया। बताया गया कि 24 अप्रैल 2024 को मुंबई के वृंदावन स्टूडियो में मुलाकात के दौरान बायोपिक पर चर्चा हुई। आरोप के अनुसार विक्रम भट्ट और श्वेतांबरी भट्ट ने 7 करोड़ रुपये अतिरिक्त निवेश करने पर 47 करोड़ रुपये में 4 फिल्में बनाने और 100 से 200 करोड़ रुपये तक मुनाफा होने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद अमनदीप मंजीत सिंह, मुदित, फरजाना आमिर अली, अबजानी, राहुल कुमार, सचिन गरगोटे और सबोबा भिमाना अडकरी के नाम से संचालित खातों में 77 लाख 86 हजार 979 रुपये ट्रांसफर कराए गए। मामले की जांच जारी है।
#VikramBhatt #UdaipurNews #RajasthanNews #SupremeCourt #BollywoodNews #FraudCase #IndiraGroup #AjayMurdia #ShwetambariBhatt #UdaipurCentralJail #Mewar #IndiaNews #LegalUpdate #MumbaiNews #Juhu #BreakingNews