राजसमंद मे शिक्षक पर कथित आरोपों के बाद ग्रामीण लामबंद

 | 
Rajsamand News

 

Udaipur Times, Rajsamand News: राजसमंद जिले के रेलमगरा उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जीतावास में 20 अगस्त को हुई घटना और शिक्षक पर लगाए गए कथित आरोपों के बाद ग्रामीण लामबंद हो गए।

ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और शिक्षकों को बहाल करने की मांग की। ज्ञापन में ग्रामीणों ने घटनाक्रम को सोची-समझी साजिश बताते हुए कथित साजिशकर्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में विद्यालय के शिक्षक हरीश कुमार विजयवर्गीय तथा शिक्षिका रिंकू बाला आचार्य को बहाल कर सम्मान के साथ वापस विद्यालय में लाने की मांग की। साथ ही विद्यालय के स्टाफ में किसी प्रकार का प्रशासनिक या कार्मिक बदलाव नहीं करने की मांग रखी।

ग्रामीणों का कहना है कि 20 अगस्त को विद्यालय में हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने मामले में कथित साजिशकर्ता के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

वहीं ज्ञापन में विद्यालय परिसर में हुई कथित तोड़फोड़ और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में भी कार्रवाई की मांग की गई। इस संबंध में ग्रामीणों ने थानाधिकारी को अलग से प्रार्थना पत्र सौंपकर नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा शिक्षकों के साथ न्याय करते हुए उन्हें पुनः विद्यालय में बहाल करने की मांग की।

इस दौरान प्रशासक पूरण चौधरी, रमेशचंद्र बैरवा, रतनलाल पूर्बीया, शंकरलाल जाट, नारायणलाल, अंबालाल, नानालाल, कालूराम, शिवलाल, माधवलाल जाट, पूर्व सरपंच बंशीलाल जाट और श्यामलाल व्यास सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News