जमीन से अतिक्रमण हटाने गई यूआईटी की टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध

तीन मकान तोड़े चार बीघा जमीन पर कब्जा कर बना दिए थे पक्के मकान

 | 
ANTI Encroachment Drive UDA

उदयपुर, 1 अगस्त  2025 । यूआईटी की टीम शुक्रवार को झाड़ोल के बड़गांव ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित लाल डांग इलाके में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची, जहां करीब चार बीघा की कीमती जमीन पर लोगों ने कब्जा कर पक्के मकान बना लिए थे।

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को स्थानीय लोगों और नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा और टीम को बगैर कार्रवाई के मौके से लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, लाल डांग इलाके में पिछले कुछ सालों से लोग धीरे-धीरे कब्जा करते हुए निर्माण करने लगे थे। जमीन पर करीब 20 से अधिक पक्के मकान बन चुके थे।

इस पर यूआईटी ने सभी को नोटिस जारी किए थे और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुक्रवार सुबह शुरू की गई। टीम जैसे ही जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और तोड़फोड़ शुरू की, तो एक मकान पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया, जबकि दो अन्य मकानों को आंशिक रूप से तोड़ा गया।

इस बीच मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय नेता एकत्र हो गए और विरोध करने लगे। स्थानीय लोगों ने यूआईटी की कार्रवाई को लेकर जमकर नारेबाजी की और मौके पर ही धरना दे दिया। विरोध को बढ़ता देख यूआईटी की टीम को बिना पूरी कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा। स्थानीय नेता और ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए मकान तोड़ रहा है, जो कि सरासर गलत है।

वहीं यूआईटी अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर निर्माण किया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। सूत्रों के अनुसार, बड़गांव, सुखेर और अंबामाता थाना क्षेत्रों में कई जगह यूआईटी की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतें मिली हैं और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की जा सकती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News