सोम कागदर बांध की नहरों में जलप्रवाह 10 नवम्बर से

जल वितरण समिति की बैठक

 | 
som kagdar dam

उदयपुर 29 अक्टूबर 2024। सोम कागदर बांध से रबी फसल के लिए किसानों को पानी देने के लिए जल वितरण समिति की बैठक मंगलवार को ऋषभदेव नगर पालिका टाउन हॉल में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त छोगाराम देवासी की अध्यक्षता में हुई। 

बैठक में जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार जैन, अधिषाषी अभियन्ता हेमंत पंड्या, तहसीलदार ऋषभदेव एवं कमांड क्षेत्र के काश्तकार उपस्थित थे। सर्वप्रथम अधीक्षण अभियंता ने समस्त कास्तकारों को सोम कागदार बांध के तकनीकी आंकड़े एवं वर्तमान में बांध की पूर्ण भराव क्षमता तक भरे होने की जानकारी दी। 

इसके पश्चात समस्त उपस्थित अधिकारी एवं काश्तकारों की सहमति से 10 नवंबर 2024 से कुल 93 दिवस के लिए नहर का संचालन किया जाना तय किया गया। इसमें ओरवण, प्रथम पाण, द्वितीय पाण एवं तृतीय पाण के लिए नहर क्रमशः 10 नवम्बर से से 12 दिसम्बर तक कुल 33 दिवस, 21 दिसंबर से 12 जनवरी 2025 तक कुल 23 दिवस, 21 जनवरी से 12 फरवरी तक कुल 23 दिवस एवं 20 फरवरी से से 4 मार्च 2025 तक कुल 14 दिवस के लिए नहर खोली जानी प्रस्तावित की गई। इसके पश्चात अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ने नहर संचालन से पूर्व नहर की पूर्ण रूप से साफ-सफाई करवाने के आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News