Rajsamand: 5 किमी सर्च ऑपरेशन के बाद नदी से महिला का शव बरामद
हादसा बुधवार को हुआ था
राजसमंद 28 अगस्त 2025। ज़िले के मोही गांव के पास बनास नदी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद 24 घंटे से भी अधिक समय तक चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन में आखिरकार राजसमंद सिविल डिफेंस की टीम ने वह कर दिखाया जो असंभव सा लग रहा था। बिना पर्याप्त संसाधनों के, केवल अपने साहस और सेवा भावना के बल पर, टीम ने पांच किलोमीटर से भी अधिक क्षेत्र में खोज अभियान चलाकर लापता महिला का शव नदी से बरामद किया।
हादसा बुधवार को उस समय हुआ जब राज्यावास निवासी विजय सिंह रावल अपनी पत्नी निर्मला कंवर (55) के साथ बाइक से लौट रहे थे। मोही की पुलिया पार करते वक्त तेज बहाव में बाइक फिसल गई और निर्मला कंवर बनास नदी की धार में बह गईं। घटना की सूचना मिलते ही SDRF और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
जहां SDRF की रबर बोट भी नदी के तेज बहाव में फंस गई और जवानों की जान खतरे में पड़ गई, वहीं सिविल डिफेंस की टीम ने बिना किसी उन्नत उपकरण के लगातार जोखिम उठाकर 24 घंटे तक ऑपरेशन जारी रखा।
टीम ने नदी के खतरनाक बहाव में 5 किलोमीटर से ज्यादा का क्षेत्र खोजा, जिसमें कई बार खुद उनकी जान भी जोखिम में पड़ी। बावजूद इसके, उन्होंने हार नहीं मानी। आखिरकार, अथक प्रयासों के बाद महिला का शव बरामद किया गया, जिससे पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार के लिए शव सौंपा जा सका।
सिविल डिफेंस के इन जांबाजों की जितनी तारीफ की जाए, कम है। विभागीय संसाधनों की कमी के बावजूद उनका समर्पण और मानवीय संवेदनाएं मिशाल बनकर सामने आई हैं।
#Rajsamand #CivilDefence #BanasRiver # UdaipurTimes
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
