महिला मजदूर की मशीन में फंसने से दर्दनाक मौत
मुआवजे की उठी मांग
उदयपुर 11 सितंबर 2025। गुडली स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में कुमार मिनरल्स नामक फैक्ट्री में काम करते समय एक महिला मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक महिला का नाम कमला मीणा निवासी प्रतापगढ़ बताया जा रहा है। हादसा बुधवार तड़के करीब 3 बजे हुआ, जब कमला मीणा की साड़ी मशीन के रोलर में फंस गई। साड़ी के साथ महिला मशीन के रोलर में खिंचती चली गई और पेट का हिस्सा कटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि यह घटना डबोक थाना क्षेत्र में हुई। घटना के बाद फैक्ट्री मालिक और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों और परिजनों के बीच बातचीत चल रही है। परिजन और ग्रामीण मृतक महिला के परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग पर अड़े हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या फैक्ट्री को रातभर काम करने की अनुमति मिली थी या नहीं।
कर्मचारी यूनियन के नेता पुष्कर जोशी ने बताया कि कमला मीणा और उसके पति मानसिंह मीणा दोनों ही इस फैक्ट्री में काम करते थे। करीब दो साल पहले काम के दौरान कमला के पति का भी हाथ कट चुका था। उस समय फैक्ट्री की ओर से मुआवजे के रूप में लगभग 25 हजार रुपए दिए गए थे, लेकिन बाद में उनकी सैलरी से हर महीने किश्तों में यह राशि काटी जाती रही।
यूनियन नेता ने सरकार से आग्रह किया है कि परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, क्योंकि मृतक महिला के दो छोटे बच्चे हैं और पति भी एक हाथ से विकलांग है। छोटे बेटे की उम्र मात्र एक साल बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और पत्नी की मौत के बाद पति के जिम्मे पूरे परिवार की जिम्मेदारी आ गई है। इस कठिन स्थिति में सरकार को 50 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की जा रही है। पुलिस प्रशासन की निगरानी में फैक्ट्री मालिक और परिजनों की बातचीत जारी है ताकि मामले का समाधान शीघ्रतापूर्वक हो सके।
Udaipur #FactoryAccident #BreakingNews #WorkerRights #IndustrialSafety #UdaipurTimes #CompensationDemand #WorkplaceAccident #UdaipurNews #IndustrialAccident
