MLSU में संविदा कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार

प्रशासनिक भवन में प्रदर्शन

 | 
MLSU

उदयपुर 14 जुलाई 2025। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों ने सोमवार को प्रशासनिक भवन में प्रदर्शन करते हुए कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों को लंबे समय से अनदेखा कर रहा है, जिससे वे आंदोलन करने को मजबूर हुए हैं।

MLSU

संविदा कर्मचारियों के संगठन के अध्यक्ष नारायण सालवी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन राज्य सरकार के आदेशों की पालना नहीं कर रहा है। पूर्व में आंदोलन के बाद सरकार द्वारा जारी आदेशों के तहत संविदा कर्मियों के लिए वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति जुलाई से दिसंबर 2025 तक दी जानी थी, लेकिन अब तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।

MLSU

कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से उनका मानदेय नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने मांग की कि मानदेय में उचित प्रतिशत की वृद्धि की जाए। साथ ही, विश्वविद्यालय में कार्यरत महिला सेवा प्रदाताओं को मातृत्व अवकाश की स्वीकृति दी जाए, जैसा कि पूर्व में भी होता रहा है।

प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने किरण तंवर और स्व. प्रकाश नागदा को न्याय दिलाने की भी मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि प्रकाश नागदा के परिवार की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उनके पुत्र या पत्नी को संविदा पर नौकरी दी जाए ताकि उनका परिवार चल सके।

MLSU

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों पर इसका असर दिखाई देने लगा है।