“औद्योगिक विकास हेतु ईएसजी की अनुपालना एवं रिपोर्टिंग” विषय पर यूसीसीआई में कार्यशाला का आयोजन

इस कार्यशाला में विभिन्न उद्योगों के 50 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

 | 
UCCI Workshop

उदयपुर – दक्षिण राजस्थान में सरकार द्वारा ईएसजी (पर्यावरण, सामाजिक और प्रशासनिक) अनुपालना के आदेशों की पालना एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (यूसीसीआई) द्वारा उदयपुर इंडस्ट्रियल वेस्ट मैनेजमेंट एंड रिसर्च सेंटर (UIWMR) के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन यूसीसीआई भवन के पायरोटेक टेम्पसन्स सभागार में किया गया।

इस कार्यशाला में मुंबई की ए.ए. गर्ग एंड कंपनी के विशेषज्ञ अभिषेक गर्ग और श्री योगेश नाटू ने प्रतिभागियों को ईएसजी अनुपालना और स्थिरता रिपोर्टिंग की तकनीकी जानकारी दी।

कार्यक्रम की शुरुआत में यूसीसीआई अध्यक्ष मनीष गलुण्डिया ने सभी विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पर्यावरण, सामाजिक एवं प्रशासनिक दायित्वों के अनुपालन पर आधारित है, जिसका उद्देश्य उद्योगों को वैश्विक मानकों के अनुसार जिम्मेदार व स्थायी विकास की ओर अग्रसर करना है।

यूआईडब्ल्यूएम एंड आरसी ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष कोमल कोठारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण उन उद्योगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है जो पारदर्शिता, पर्यावरणीय संतुलन और सामाजिक उत्तरदायित्व को प्राथमिकता देते हैं।

ट्रस्ट के सदस्य सचिव सीएसआर मेहता ने अतिथि विशेषज्ञों का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया।

प्रशिक्षण के पहले सत्र में अभिषेक गर्ग ने ईएसजी की मूल अवधारणा, इसकी व्यवसायिक महत्ता, रिपोर्टिंग फ्रेमवर्क और अनुपालन की प्रक्रिया को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्पष्ट किया। दूसरे सत्र में योगेश नाटू ने प्रतिभागियों को उद्योगों में ईएसजी से जुड़े जोखिम और अवसरों पर आधारित केस स्टडीज़ और बेस्ट प्रैक्टिसेज की जानकारी दी।

इस कार्यशाला में विभिन्न उद्योगों के 50 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों और शंकाओं का समाधान भी किया। अंत में ट्रस्ट के सदस्य सचिव सीएसआर मेहता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News