Udaipur Times, Udaipur News: मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रबंधन अध्ययन महाविद्यालय (UCCMS) में विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक कल्याण एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से “अंडरस्टैंड योर माइंड” (Understand Your Mind) विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय एवं स्नोफ्लेक्स कंपनी के मध्य हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत किया गया।
इस अवसर पर वाणिज्य एवं प्रबंधन अध्ययन महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं वाणिज्य संकाय के अध्यक्ष प्रो. शूरवीर सिंह भाणावत् ने अपने उद्बोधन में कहा कि आत्मिक शांति की दिशा में आगे बढ़ने के लिए जैन दर्शन का भेद-विज्ञान अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकता है। यह दर्शन इन्द्रिय, मन, विचार एवं चेतना को अलग-अलग स्तरों पर समझने की दृष्टि प्रदान करता है। मानसिक स्वास्थ्य में गिरावट का एक प्रमुख कारण इन विभिन्न स्तरों के मध्य असंतुलन भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इनकी प्रकृति एवं अंतर्संबंध को समझकर व्यक्ति आत्म-जागरूकता और मानसिक संतुलन की दिशा में आगे बढ़ सकता है। उन्होंने इस प्रकार की गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक उपलब्धियाँ हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित करना भी है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में स्नोफ्लेक्स काउंसलिंग की संस्थापक एवं मनोवैज्ञानिक सुश्री महिमा पालीवाल ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न आयामों, भावनात्मक संतुलन, तनाव प्रबंधन तथा मनोवैज्ञानिक परामर्श के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर मनोवैज्ञानिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर बात करना कमजोरी का नहीं, बल्कि जागरूकता एवं आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के समक्ष उत्पन्न होने वाली मानसिक एवं भावनात्मक चुनौतियों तथा उनसे निपटने के व्यावहारिक उपायों पर भी प्रकाश डाला।
महाविद्यालय की सह-अधिष्ठाता डॉ. शिल्पा वर्डिया ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को शैक्षणिक दबाव, करियर संबंधी अनिश्चितताओं एवं व्यक्तिगत चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को समझने तथा उनका सकारात्मक समाधान खोजने में सहायता प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की प्रोक्टर डॉ. आशा शर्मा ने किया। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यशाला में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लगभग 70 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र के अंत में विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं प्रश्नोत्तर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक समस्याओं से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में संकाय सदस्य डॉ. रेनू शर्मा, डॉ. पारुल दशोरा, डॉ. पुष्पराज मीणा एवं डॉ. विनोद मीणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. प्रियंका जैन, मनीष स्वामी, अर्जुन एवं ज्योति का विशेष सहयोग रहा।