विश्व आदिवासी दिवस पर जनसैलाब मे बदला मैदान
उदयपुर , 09 अगस्त 2025 - शनिवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजस्थान कृषि महाविद्यालय, सूरजपोल मैदान में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ।
भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के बैनर तले हुए इस आयोजन में जिलेभर से हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे, जिससे मैदान जनसैलाब में बदल गया।
मंच से जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अधिकारों पर जोशीले भाषण गूंजे। वक्ताओं ने सरकार और प्रशासन से हकों की रक्षा की मांग दोहराई।
आदिवासी लोकनृत्य, गीत-संगीत और सांस्कृतिक झांकियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा, भील प्रदेश महिला शक्ति, भील प्रदेश आरक्षण मोर्चा और भील प्रदेश युवा मोर्चा सहित सभी आदिवासी संगठनों ने एकजुट होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अधिकारों की लड़ाई को तेज करने का संकल्प लिया।
सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं की भारी भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
