बस की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों ने मॉर्च्यूरी के बाहर किया प्रदर्शन
50 लाख मुआवजे की मांग
Udaipur Times News , Chittorgarh News , चित्तौड़गढ़13 नवंबर 2026 । शहर में गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में बस की टक्कर से 32 वर्षीय युवक की मौत के बाद शुक्रवार सुबह परिजनों और समाज के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
नाराज लोग मॉर्च्यूरी के बाहर जमा हुए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई।
मृतक के मामा ललित प्रजापत के अनुसार, पावटा चौक निवासी अभिषेक (32) पुत्र ओमप्रकाश प्रजापत गुरुवार रात बाइक से बस स्टैंड की तरफ से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही श्रीनाथ ट्रैवल्स की बस ने उसे चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि बस चुनाव ड्यूटी में लगी हुई थी। हादसे में अभिषेक सड़क पर गिर गया और बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। Chittorgarh News
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद वे रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की और सुबह आने के लिए कहकर वापस भेज दिया। इसी बात को लेकर शुक्रवार सुबह लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक घर से ही नक्शे बनाने का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब परिवार में पत्नी, मां और दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब दो और पांच साल बताई गई है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।