42 की उम्र में कमाल! उदयपुर की मीनाक्षी भेरवानी ने 11 घंटे 5 मिनट लगातार हूपिंग कर बनाया रिकॉर्ड

लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ उदयपुर का नाम
 | 
Meenaxi Bherwani

 

Udaipur Times, Udaipur News: 30 जून 2026। दृढ़ संकल्प, अथक मेहनत और फिटनेस के प्रति जुनून का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उदयपुर की फिटनेस प्रमोटर एवं लेट अस हूप की संस्थापक मीनाक्षी भेरवानी ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उनके शानदार प्रदर्शन को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में आधिकारिक मान्यता मिलने के साथ ही उदयपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

42 वर्षीय मीनाक्षी भेरवानी ने 23 मई की शाम से 24 मई की शाम तक आयोजित 24 घंटे के हूपिंग मैराथन में लगातार 11 घंटे 5 मिनट तक हूपिंग कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उनकी इस असाधारण उपलब्धि को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया है।

यह आयोजन केवल एक रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि फिटनेस, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रेरक अभियान बन गया। मैराथन के दौरान छात्रों, अभिभावकों, फिटनेस प्रेमियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर मीनाक्षी का मनोबल बढ़ाया।

मीनाक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, छात्रों, लेट अस हूप टीम और उन सभी समर्थकों को दिया जिन्होंने इस यात्रा में उनका निरंतर साथ निभाया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को यह विश्वास दिलाने के लिए है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी प्रायोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रोत्साहन ने इस उपलब्धि को संभव बनाया।

मीनाक्षी भेरवानी की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि उम्र नहीं, बल्कि हौसला और मेहनत सफलता की असली पहचान होते हैं। उनका यह रिकॉर्ड देशभर के फिटनेस प्रेमियों और विशेष रूप से महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News