रमन कुमार सूद बने बड़ौदा ग्रामीण बैंक के निदेशक
सूद को बैंकिंग व्यवसाय का 37 वर्ष का अनुभव है
उदयपुर के हिरणमगरी सेक्टर 5 निवासी एडवोकेट रमन कुमार सूद को भारत सरकार ने बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक का निदेशक नामित किया है। यह नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने से 3 वर्ष तक के लिए होगी।
उल्लेखनीय है कि रमन कुमार सूद केनरा बैंक से मंडल प्रबंधक पद से सेवानिवृत्ति प्राप्त कर स्थानीय न्यायालय में वकालत कर रहे हैं। उच्च शिक्षा प्राप्त रमन कुमार सूद को बैंकिंग व्यवसाय का 37 वर्ष का अनुभव है।
बैंकिंग के अतिरिक्त वह अनेक सामाजिक संगठनों यथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्, भारतीय जनता युवा मोर्चा, एनओबीडब्ल्यू, एनओबीओ, भारतीय मजदूर संघ, स्वदेशी जागरण मंच इत्यादि से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत समन्वयक के दायित्व का वहन कर रहे हैं। वह नगर के प्रबुद्ध नागरिकों के मंच "राष्ट्र मंथन" के संयोजक और समाजसेवी संगठन "कृष्णा सेवा संस्थान" के विधिक परामर्शदाता हैं।
उदयपुर पंजाबी समाज के पूर्व सचिव सूद, दत्तोपंत ठेंगड़ी श्रमिक शिक्षा बोर्ड के निदेशक के रूप में निरंतर दो कार्यकाल के लिए अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इनके अतिरिक्त भी अनेक संस्थाओं से उनका जुड़ाव रहा है। रमन सूद की पहचान एक प्रखर वक्ता, विचारक, लेखक, संपादक, कुशल संगठक व श्रमिक नेता के रूप में रही है। जिला प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट मानवीय सेवाओं के लिए गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किए जा चुके सूद स्वयंसेवी रक्तदाता रहे हैं।
रमन सूद के ग्रामीण बैंक निदेशक नामित होने का पता चलते ही परिजनों, संबंधियों और मित्रों के बीच हर्ष की लहर दौड़ गई और उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। उनके मित्रों का कहना है कि वे श्रमिकों के बीच लंबे समय तक कार्य कर चुके हैं। अतः उनके इस उच्च पद पर आने से सबको आशा बंधी है कि बैंक अब वंचित वर्गों की आवश्यकताओं की और बेहतर रूप से पूर्ति करेगा।
इस अवसर पर सूद ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण दायित्व है और वे अपनी पूर्ण क्षमता और निष्ठा सहित, समाज व राष्ट्र हित में, अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे।
