उदयपुर के सत्य भूषण शर्मा को मिला ‘एजुकार्ट टीचर इम्पैक्ट अवॉर्ड 2026-2027’
Udaipur Times, Udaipur News: शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, विद्यार्थियों के जीवन को सकारात्मक दिशा देने तथा अपने कर्तव्यों से आगे बढ़कर निरंतर समर्पण भाव से कार्य करने के लिए उदयपुर के शिक्षाविद् सत्य भूषण शर्मा को प्रतिष्ठित ‘एजुकार्ट टीचर इम्पैक्ट अवॉर्ड 2026-2027’ से सम्मानित किया गया है।
एजुकार्ट की ओर से प्रदान किए गए सम्मान-पत्र में सत्य भूषण शर्मा के उन अथक प्रयासों, निष्ठापूर्ण कार्यों एवं समर्पण की सराहना की गई है, जो प्रायः प्रत्यक्ष रूप से चर्चा में नहीं आते, लेकिन विद्यार्थियों के जीवन पर स्थायी और सकारात्मक प्रभाव छोड़ते हैं। स्वतंत्र बोर्ड विशेषज्ञों के पैनल द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान एक समर्पित शिक्षक के शैक्षिक योगदान एवं विद्यार्थियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान है।
सत्य भूषण शर्मा ने विगत लगभग 35 वर्षों से संत ग्रेगोरियस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर में प्रवक्ता भौतिक विज्ञान के रूप में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएँ दी हैं तथा लेखन एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में भी देश-विदेश में नाम कमाया है। अध्यापन के साथ-साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं जीवनोपयोगी दृष्टि विकसित करना उनकी शिक्षण यात्रा का प्रमुख उद्देश्य रहा है।
शिक्षा जगत में शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करवाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास जागृत करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखने में भी होती है। यह सम्मान इसी व्यापक शिक्षक-धर्म और निस्वार्थ शैक्षिक योगदान की सार्थक पहचान है।
इस उपलब्धि पर शिक्षा जगत के प्रबुद्धजनों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।